Motihari News: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया. छपवा-रक्सौल मुख्य मार्ग पर सिसवनिया के पास एक तेज रफ्तार जैलो कार ने सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं.
देर रात बातचीत के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सिसवनिया टोला निवासी इसूफ अंसारी अपने कुछ साथियों के साथ सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे. इसी बीच छपवा की ओर से आ रही अनियंत्रित कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि इसूफ अंसारी काफी दूर जा गिरे. हादसे में मो. उस्मान और मेराजूल हक भी बुरी तरह जख्मी हो गए.
गुस्साए ग्रामीणों ने चालक को दबोचा
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इसूफ अंसारी को मृत घोषित कर दिया. वहीं, अन्य घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उनका इलाज जारी है. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है.
पुलिस की कार्रवाई जारी
सूचना मिलते ही सुगौली थानाध्यक्ष अनिश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
मोतिहारी से सुजीत पाठक की रिपोर्ट
