Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराधियों में खौफ पैदा करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं. बुधवार की देर रात एसपी ने स्वयं बंजरिया थाना क्षेत्र की सड़कों पर उतरकर औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न पॉइंट पर तैनात गश्ती दलों की सतर्कता और कार्यप्रणाली की बारीकी से जांच की.
गश्ती दलों की सक्रियता देख एसपी ने जताया संतोष
निरीक्षण के दौरान एसपी स्वर्ण प्रभात ने डायल 112, पैंथर मोबाइल, बीट पुलिसिंग और स्थानीय थाने की नियमित गश्ती टीम की मौजूदगी का जायजा लिया. सिंघिया गुमटी ओवरब्रिज के पास गश्ती दल पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात मिला, जिस पर पुलिस अधीक्षक ने संतोष व्यक्त किया. उन्होंने फील्ड में तैनात जवानों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें सुरक्षा व्यवस्था को लेकर और अधिक अलर्ट रहने को कहा.
थानाध्यक्ष को दिए रात्रि गश्ती के सख्त निर्देश
मौके पर उपस्थित बंजरिया थानाध्यक्ष अमित कुमार को निर्देश देते हुए एसपी ने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाना अनिवार्य है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की मौजूदगी सड़कों पर प्रभावी रूप से दिखनी चाहिए ताकि आम लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें. संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और बीट अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में पैनी दृष्टि रखने की हिदायत दी गई है. एसपी ने कहा कि पुलिस की मुस्तैदी ही सुरक्षित समाज की नींव है और ऐसे औचक निरीक्षण भविष्य में भी जारी रहेंगे.
मोतिहारी के बंजरिया से राज निखिल का रिपोर्ट
