मोतिहारी : सोशल मीडिया पर टॉय गन चमकाना भी पड़ेगा भारी, एसपी ने दिए प्राथमिकी के निर्देश

Motihari News: एसपी स्वर्ण प्रभात ने सोशल मीडिया पर एयरगन या टॉय गन का प्रदर्शन करने वालों पर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है. साथ ही झूठे मुकदमों में बच्चों-बुजुर्गों को फंसाने पर पुलिस अफसरों पर भी कार्रवाई होगी. पढ़ें पूरी खबर…

Motihari News: सोशल मीडिया पर हथियार प्रदर्शन के बढ़ते चलन को रोकने के लिए पूर्वी चंपारण के एसपी स्वर्ण प्रभात ने कड़ा रुख अपनाया है. अब सोशल मीडिया पर असली हथियार तो दूर, एयरगन या टॉय गन (खिलौने वाली बंदूक) के साथ भी फोटो या रिल्स पोस्ट करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी. एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाए. उन्होंने कहा कि खिलौने वाले हथियारों के प्रदर्शन से भी आम जनता में भय और अराजकता का माहौल बनता है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

झूठे मुकदमों में बच्चों-बुजुर्गों को फंसाया तो नपेंगे पुलिस अफसर

एसपी ने जिले में आपसी रंजिश के कारण निर्दोष नाबालिग बच्चों और बुजुर्गों को झूठे मुकदमों में फंसाने की बढ़ती शिकायतों पर भी कड़ा संज्ञान लिया है. उन्होंने सभी एसडीपीओ, अंचल निरीक्षकों और थाना प्रभारियों को स्पष्ट आदेश दिया है कि किसी भी मामले में प्राथमिकी दर्ज करने से पहले आरोपितों की उम्र का सही सत्यापन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए. यदि जांच में लापरवाही पाई गई, तो संबंधित पुलिस पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.

सुपरविजन के दौरान सीनियर अफसर करेंगे विशेष जांच

कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए एसपी ने वरीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे केस सुपरविजन के दौरान विशेष रूप से यह देखें कि किसी निर्दोष व्यक्ति का नाम मुकदमे में शामिल न हो. समाज में शांति कायम रखने और पुलिसिंग को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है.

मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >