मोतिहारी: रक्सौल से तिरूपति के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू, यात्रियों का लंबा इंतजार खत्म

Motihari News: रक्सौल से तिरूपति के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है. पूर्व मध्य रेलवे ने परिचालन की अधिसूचना जारी कर दी है. 4 जून से रक्सौल से ट्रेन चलेगी, जिससे यात्रियों को दक्षिण भारत जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी. पढे़ं पूरी खबर…

पूर्वी चंपारण के रक्सौल से मनोज कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

Motihari News: रक्सौल के लोगों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है. रेलवे बोर्ड की घोषणा के करीब तीन महीने बाद रक्सौल से तिरूपति के बीच सीधी साप्ताहिक ट्रेन सेवा शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है. पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर ने ट्रेन संख्या 17433/17434 के परिचालन की अधिसूचना जारी कर दी है. पहली बार यह ट्रेन 1 जून को तिरूपति से रवाना होगी और 3 जून को रक्सौल पहुंचेगी. वहीं, रक्सौल से इसकी पहली यात्रा 4 जून से शुरू होगी.

यात्रियों को मिलेगी सीधी ट्रेन सेवा

इस ट्रेन के शुरू होने से बिहार के सीमावर्ती इलाके के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. अब तिरूपति जाने के लिए बार-बार ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी. खासकर धार्मिक यात्रा करने वाले लोगों में इसको लेकर काफी उत्साह है.

ट्रेन में होंगे 24 कोच

रेलवे की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार ट्रेन में कुल 24 कोच लगाए जाएंगे. इसमें एसी सेकेंड क्लास के 3, एसी थर्ड क्लास के 5, स्लीपर के 10, जनरल के 4 और 2 एसएलआर कोच शामिल होंगे. रेलवे फिलहाल इस ट्रेन का परिचालन पुराने आईसीएफ रैक से करेगा. एलएचबी कोच नहीं लगाए जाने से कुछ यात्रियों में हल्की निराशा जरूर है, लेकिन सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने की खुशी ज्यादा दिखाई दे रही है.

इन प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन

रक्सौल से खुलने के बाद यह ट्रेन सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, बरौनी, किऊल, झाझा, जसीडीह, मधुपुर, चित्तरंजन, धनबाद, बोकारो स्टील सिटी, रांची, राउरकेला, रायपुर, गोंदिया और काजीपेट होते हुए रेणुगूंटा जंक्शन के रास्ते तिरूपति पहुंचेगी. यह ट्रेन रक्सौल से हर गुरुवार सुबह 3:15 बजे खुलेगी और शनिवार सुबह 9:30 बजे तिरूपति पहुंचेगी. वहीं तिरूपति से यह ट्रेन हर सोमवार सुबह 8:15 बजे रवाना होगी और बुधवार शाम 5 बजे रक्सौल पहुंचेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >