मोतिहारी से राज निखिल की रिपोर्ट
Motihari News: पूर्वी चंपारण में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर रोक लगाने के लिए मोतिहारी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. इसी कड़ी में जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. सघन वाहन जांच और लगातार निगरानी के जरिए पुलिस ने न सिर्फ बड़ी संख्या में चोरी की बाइक बरामद की है, बल्कि वाहन चोर गिरोहों पर भी शिकंजा कसने में कामयाबी हासिल की है.
मई महीने में चला विशेष अभियान
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि मई महीने के दौरान जिलेभर में व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया. अभियान के तहत संदिग्ध वाहनों और लोगों की जांच की गई. इसी दौरान पुलिस ने चोरी की 88 मोटरसाइकिलें बरामद कीं.
76 वाहन चोर गिरफ्तार
वाहन चोरी के मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 76 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है. पुलिस का दावा है कि लगातार कार्रवाई से चोरी की घटनाओं में शामिल गिरोहों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगा है.
बाइक चोरी की घटनाओं में आई कमी
एसपी के अनुसार पिछले तीन महीनों से लगातार चलाए जा रहे अभियान का असर अब आंकड़ों में भी दिखने लगा है. जिले में बाइक चोरी की घटनाओं में करीब 50 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है. पुलिस का मानना है कि नियमित जांच, गश्ती और त्वरित कार्रवाई के कारण अपराधियों में डर का माहौल बना है. पुलिस अधीक्षक ने साफ कहा कि वाहन चोरी और अन्य अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था और मजबूत हो सके.
