Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले के घोड़ासहन में पुलिस और एसएसबी (SSB) की संयुक्त टीम ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में घोड़ासहन बस स्टैंड से 1.5 किलोग्राम अफीम बरामद की गई है. इस मामले में एक महिला समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार महिला की पहचान एक सरकारी विद्यालय में कार्यरत रसोइया के रूप में हुई है, जो तस्करी के इस खेल में शामिल थी.
गुप्त सूचना पर बस स्टैंड की हुई घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, पुलिस और एसएसबी को सूचना मिली थी कि अफीम की एक बड़ी खेप को बस के जरिए पंजाब भेजने की तैयारी की जा रही है. सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों ने संयुक्त रूप से घोड़ासहन बस स्टैंड की घेराबंदी कर दी. संदिग्ध स्थिति में दिखी महिला और उसके साथी की जब तलाशी ली गई, तो उनके पास से करीब डेढ़ किलो उच्च गुणवत्ता वाली अफीम बरामद हुई. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत लाखों में आंकी जा रही है.
तस्करी नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस ने मौके से रसोइया महिला के साथ एक अन्य युवक को भी दबोचा है. प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि यह गिरोह स्थानीय स्तर पर मादक पदार्थों को इकट्ठा कर उन्हें अन्य राज्यों में सप्लाई करता था. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और इस धंधे का मुख्य सरगना कौन है. गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके.
मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट
