Motihari News: मोतिहारी पूर्वी चंपारण जिले के तुरकौलिया प्रखंड अंतर्गत जयसिंहपुर आश्रम चौक पर बिना लाइसेंस संचालित हो रही दवा दुकानों के खिलाफ ड्रग विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. राज्य औषधि नियंत्रक, बिहार, पटना के निर्देश पर सहायक औषधि नियंत्रक, पूर्वी चंपारण द्वारा गठित विशेष जांच टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से तीन दवा दुकानों पर एक साथ छापेमारी की. इस औचक कार्रवाई से अवैध दवा दुकानदारों में हड़कंप मच गया .
दो दुकानें बेनामी, एक ‘कोमल मेडिकल’ के नाम से हो रही थी संचालित
जांच टीम की छापेमारी के दौरान यह बड़ा खुलासा हुआ कि तीनों दवा दुकानें बिना किसी वैध लाइसेंस के धड़ल्ले से संचालित की जा रही थीं. इनमें से दो दुकानें बेनामी पाई गईं, जिनका कोई नामकरण नहीं था, जबकि तीसरी दुकान “कोमल मेडिकल” के नाम से चल रही थी. पुलिस और ड्रग विभाग की टीम ने इन दुकानों के संचालकों के रूप में मुक्ति नाथ पंडित, मनीष कुमार और अभय कुमार की पहचान की है .
सभी दवाएं जब्त, संचालकों के खिलाफ कोर्ट में दर्ज होगा केस
छापेमारी टीम का नेतृत्व कर रहे औषधि निरीक्षक दयानंद प्रसाद ने बताया कि कार्रवाई के दौरान तीनों दुकानों में मौजूद सभी प्रकार की एलोपैथिक दवाओं को जब्त कर लिया गया है. इसके साथ ही प्रत्येक दुकान से एक-एक दवा का नमूना (सैंपल) गुणवत्ता जांच के लिए लिया गया है, जिसे सरकारी प्रयोगशाला भेजा जा रहा है.
जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी
उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस दवा दुकान चलाना कानूनन गंभीर अपराध है और इससे आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ सीधे खिलवाड़ होता है. इन तीनों संचालकों के विरुद्ध सक्षम न्यायालय में अभियोजन पत्र दायर करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इस छापेमारी दल में औषधि निरीक्षक सुशील कुमार, दयानंद प्रसाद, राकेश कुमार, सागर मल सोनी एवं पुलिस पदाधिकारी मनीष राज शामिल थे .
मोतिहारी तुरकौलिया से आफताब आलम की रिपोर्ट
