Motihari News: बेहतर पुलिसिंग के लिए अधिकारियों ने 'गोद' लिए थाने, एसपी खुद संभालेंगे नगर थाना

Motihari News: मोतिहारी पुलिस ने थानों को गोद लेने की नई मुहिम शुरू की है. इसके तहत एसपी स्वर्ण प्रभात समेत 12 बड़े अधिकारी आवंटित थानों की कमान संभालकर लंबित केसों और कानून व्यवस्था की खुद समीक्षा करेंगे.पढे़ं पूरी खबर…

मोतिहारी से अमरेश वर्मा

Motihari News: मोतिहारी जिले में बेहतर पुलिसिंग, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण के लिए पुलिस ने एक बेहद अनूठी और नई पहल की शुरुआत की है. बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न थानों की कार्यप्रणाली को सुधारने के लिए एसपी समेत 12 वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारियों द्वारा थानों को “गोद” लिया गया है.

पारदर्शिता और जनता का भरोसा मजबूत करने की कवायद

मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि इस नई व्यवस्था के तहत संबंधित आला अधिकारी अपने आवंटित थानों में पुलिस कार्यों, लंबित कांडों, जन-शिकायतों तथा अन्य प्रशासनिक गतिविधियों की नियमित रूप से खुद समीक्षा करेंगे. इस नई पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिसिंग व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाना, कार्य की गुणवत्ता में सुधार लाना तथा आम जनता का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास और ज्यादा मजबूत करना है.

एसपी ने खुद लिया नगर थाना, जानिए किस अधिकारी को मिली कौन सी जिम्मेदारी

इस विशेष अभियान के तहत जिले के कप्तान (एसपी) ने खुद मोतिहारी नगर थाने की कमान संभाली है. वहीं अन्य थानों के लिए जिम्मेदारी इस प्रकार बांटी गई है:

  • एसपी मोतिहारी: नगर थाना
  • एसडीपीओ सदर-01:तुरकौलिया थाना
  • एसडीपीओ सदर-02: मुफस्सिल थाना
  • एसडीपीओ पकड़ीदयाल: ढाका थाना
  • एसडीपीओ पिपरा कोठी/पकड़ीदयाल: मधुबन थाना
  • एसडीपीओ चकिया: चकिया थाना
  • एसडीपीओ अरेराज: हरसिद्धि थाना
  • एसडीपीओ रक्सौल: रक्सौल थाना
  • डीएसपी (मुख्यालय): बंजरिया थाना
  • डीएसपी (यातायात): सुगौली थाना
  • डीएसपी (साइबर क्राइम):केसरिया थाना

ये सभी नामित अधिकारी अब अपने-अपने गोद लिए थानों में जाकर अनुसंधान के स्तर की जांच करेंगे, फाइलों का निपटारा तेज करेंगे और कानून-व्यवस्था से जुड़े गंभीर मुद्दों पर सीधे नजर रखेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >