Motihari: जेल अधीक्षक से मांगी गई रंगदारी, व्हाट्सएप पर वीडियो भेजकर मांगे पैसे

Motihari News: मोतिहारी केंद्रीय कारा के अधीक्षक को अज्ञात अपराधियों ने जेल का कथित वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रंगदारी मांगी है. इस मामले में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है. पढे़ं पूरी खबर…

Motihari News: पूर्वी चंपारण जिला मुख्यालय स्थित केंद्रीय कारा के जेल अधीक्षक को ब्लैकमेल करने और रंगदारी मांगने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. अज्ञात अपराधियों ने जेल के कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर जेल अधीक्षक विजय कुमार अरोड़ा से मोटी रकम की मांग की है. इस मामले में जेल प्रशासन की शिकायत पर नगर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.

व्हाट्सएप पर वीडियो भेजकर दी ब्लैकमेल करने की धमकी

जानकारी के अनुसार, बीते 3 मई को अज्ञात मोबाइल नंबर से जेल अधीक्षक के व्हाट्सएप पर कुछ वीडियो संदेश भेजे गए. दावा किया गया कि ये वीडियो जेल परिसर के भीतर के हैं. इसके तुरंत बाद आरोपी ने कॉल कर पैसों की मांग शुरू कर दी. धमकी दी गई कि यदि मांगी गई रकम नहीं दी गई, तो इन वीडियो को सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म पर सार्वजनिक कर दिया जाएगा.

फर्जी मुकदमे में फंसाने की साजिश और पुलिसिया जांच

अगले ही दिन 4 मई को अपराधी ने पुनः कॉल किया और दावा किया कि उसके पास और भी कई वीडियो मौजूद हैं. उसने पैसे नहीं देने की स्थिति में अधीक्षक को फर्जी मुकदमों में फंसाने और छवि धूमिल करने की धमकी भी दोहराई. जेल प्रशासन ने इसे एक गहरी साजिश बताते हुए पुलिस को सूचित किया है. नगर थाना में कांड संख्या 395/26 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस तकनीकी सेल की मदद से मोबाइल नंबर को ट्रेस कर रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उनकी जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके.

मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >