Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले के घोड़ासहन में एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया. घोड़ासहन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की एक सरकारी एम्बुलेंस ऑन कॉल मरीज को लाने जा रही थी, तभी रास्ते में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई. इस दुर्घटना में एम्बुलेंस चालक और एक राहगीर घायल हो गए हैं. घटना घोड़ासहन कॉलेज के पीछे रजवाड़ा रोड की बताई जा रही है.
सड़क पर गिरी मिट्टी बनी हादसे का कारण
हादसे की मुख्य वजह सड़क पर पसरी चिकनी मिट्टी बताई जा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार, रजवाड़ा रोड पर ट्रैक्टरों के जरिए अवैध रूप से मिट्टी की ढुलाई की जा रही थी. इसी दौरान सड़क पर भारी मात्रा में चिकनी मिट्टी गिर गई. मरीज को लेने तेज रफ्तार में जा रही एम्बुलेंस जैसे ही उस मिट्टी पर पहुंची, वह अनियंत्रित होकर फिसल गई और सड़क से नीचे लुढ़कते हुए खेत में जा पलटी.
प्रशासन के खिलाफ लोगों में आक्रोश
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एम्बुलेंस का शीशा तोड़कर घायल चालक और राहगीर को बाहर निकाला. इस घटना को लेकर ग्रामीणों में स्थानीय प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी है. लोगों का कहना है कि अवैध मिट्टी ढुलाई के कारण सड़कें असुरक्षित हो गई हैं और प्रशासन इस पर मौन साधे हुए है. घायलों का उपचार नजदीकी अस्पताल में चल रहा है.
मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट
