Motihari News: गांधी मैदान में बन रही स्थाई पुलिस चौकी का डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश

Motihari News: मोतिहारी के गांधी मैदान में सुरक्षा सुदृढ़ करने के लिए स्थाई पुलिस चौकी का निर्माण जारी है. डीएम सौरभ जोरवाल और एसपी स्वर्ण प्रभात ने सोमवार को कार्य का निरीक्षण कर इसे जल्द पूरा करने और गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया. पढ़ें पूरी खबर…

Motihari News: शहर के ऐतिहासिक गांधी मैदान की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है. सोमवार को जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने गांधी मैदान में निर्माणाधीन स्थाई पुलिस चौकी का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया. अधिकारियों ने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया.

सुरक्षा और गुणवत्ता पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान डीएम सौरभ जोरवाल ने निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति को बारीकी से देखा और गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न करने की हिदायत दी. उन्होंने कहा कि गांधी मैदान शहर का हृदय स्थल है, जहाँ बड़ी संख्या में लोग आते हैं. स्थाई चौकी बन जाने से असामाजिक तत्वों पर नकेल कसी जा सकेगी और आम जनता, विशेषकर महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित होगा.

जल्द क्रियाशील होगी पुलिस चौकी

पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से इस चौकी की उपयोगिता पर चर्चा की. उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए इसे शीघ्र पूर्ण करें ताकि गश्ती और निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके. एसपी ने कहा कि इस चौकी के शुरू होने से पुलिस की उपस्थिति चौबीसों घंटे रहेगी, जिससे आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगेगा.

अधिकारियों को मॉनिटरिंग का निर्देश

इस मौके पर नगर आयुक्त आशीष कुमार सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे. डीएम ने निर्देश दिया कि कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए ताकि किसी भी प्रकार का विलंब न हो. इस पहल से गांधी मैदान और इसके आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था पहले से कहीं अधिक सुदृढ़ हो जाएगी.

मोतिहारी से राजनिखिल की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aaruni Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >