मोतिहारी के चिरैया से जितेंद्र कुमार की रिपोर्ट
Motihari News: शिकारगंज थाना क्षेत्र के बटौआ गांव में पानी भरे गड्ढे में डूबने से एक 10 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान बटौआ गांव निवासी मोहन राम के पुत्र शिवम कुमार (10) के रूप में की गई है. इस हादसे के बाद से पीड़ित परिवार समेत पूरे गांव में कोहराम मच गया है.
खेलने के दौरान पैर फिसलने से हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के समय शिवम अपने दोस्तों के साथ घर के पास ही खेल रहा था. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पास ही स्थित पानी भरे एक गहरे गड्ढे में जा गिरा. गड्ढे में पानी अधिक होने के कारण वह गहरे पानी में समा गया और डूबने से उसकी मौत हो गई.
जेसीबी से खुदाई के कारण बना था मौत का कुआं
बताया जाता है कि उक्त स्थान पर कुछ समय पहले जेसीबी मशीन से मिट्टी की खुदाई की गई थी. इस वजह से वहां एक बड़ा गड्ढा बन गया था, जिसमें हाल ही में हुई बारिश का पानी जमा था. शिवम को डूबता देख साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचाना शुरू किया. दोस्तों के चिल्लाने की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी में उतरकर शव को बाहर निकाला.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की सूचना मिलते ही शिकारगंज थानाध्यक्ष गोपाल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया है. थानाध्यक्ष गोपाल कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से अभी तक लिखित आवेदन नहीं मिला है. आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
