मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट
Motihari News: मोतिहारी में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां मोबाइल हैक कर साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति की जिंदगीभर की जमा पूंजी मिनटों में साफ कर दी. नगर थाना क्षेत्र के तेलिया पट्टी निवासी अजीत कुमार गुप्ता के बैंक खातों से करीब साढ़े चार लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली गई. घटना के बाद परिवार सदमे में है.
मोबाइल हैक होते ही शुरू हुआ खेल
पीड़ित अजीत कुमार गुप्ता ने साइबर थाना में दिए आवेदन में बताया कि अचानक उनका मोबाइल हैक हो गया. इसके बाद उनके फोन से अलग-अलग नंबरों पर अपने आप मैसेज जाने लगे. कुछ ही देर में मोबाइल पर लगातार ओटीपी आने शुरू हो गए.
पेटीएम अकाउंट बनाकर उड़ाए पैसे
पीड़ित के मुताबिक साइबर ठगों ने उनके नाम से पेटीएम अकाउंट तैयार कर लिया और बैंक खातों से पैसे निकालने लगे. एक्सिस बैंक खाते से 3 लाख 80 हजार 675 रुपये 30 पैसे और बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से 67 हजार 500 रुपये निकाल लिए गए. कुल मिलाकर 4 लाख 48 हजार 175 रुपये 30 पैसे की ठगी हुई.
तुरंत 1930 पर दर्ज कराई शिकायत
घटना की जानकारी मिलते ही अजीत कुमार गुप्ता ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद साइबर थाना मोतिहारी में कांड संख्या 86/26 दर्ज किया गया.
पुलिस तकनीकी जांच में जुटी
साइबर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. जिन मोबाइल नंबरों और डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल कर ठगी की गई, उनकी तकनीकी पड़ताल शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.
