मोतिहारी: साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बैंक अधिकारी बन महिला से 98 हजार ठगने वाले दो गिरफ्तार

Motihari News: साइबर पुलिस ने पीएनबी का फर्जी अधिकारी बनकर महिला से 98 हजार रुपये ठगने वाले दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है. बदमाशों ने केवाईसी का झांसा देकर फर्जी ऐप से महिला का मोबाइल हैक किया था. जानिए पूरी कहानी…

Motihari News: साइबर थाना की पुलिस ने बैंक अधिकारी बनकर लोगों की गाढ़ी कमाई उड़ाने वाले एक अंतरप्रांतीय गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में दो शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मंझौलिया के माधोपुर निवासी सुनील कुमार और रामगढ़वा के आमोदेई निवासी गुड्डू कुमार के रूप में हुई है. इन बदमाशों ने पंजाब नेशनल बैंक (PNB) का फर्जी कर्मचारी बनकर एक महिला के खाते से 98 हजार रुपये उड़ा लिए थे.

केवाईसी के नाम पर दिया झांसा, मोबाइल किया हैक

पुलिस के अनुसार, पीड़िता के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया था. फोन करने वाले ने खुद को पीएनबी का स्टाफ बताते हुए झांसा दिया कि तुरंत ऑनलाइन केवाईसी नहीं कराने पर बैंक खाता बंद हो जाएगा. खाता बंद होने के डर से महिला ठगों के जाल में फंस गई. इसके बाद ठगों ने पीड़िता के वॉट्सऐप पर ‘पीएनबी वन’ नाम की एक फर्जी एपीके (APK) फाइल भेजी. महिला ने जैसे ही उस ऐप को डाउनलोड किया, अपराधियों ने उसका फोन हैक कर खाते से रुपये साफ कर दिए.

विशेष पुलिस टीम ने जाल बिछाकर दबोचा

महिला की लिखित शिकायत पर साइबर थाने में कांड संख्या-94/26 दर्ज की गई थी. एसपी के निर्देश पर पु.नि. मुमताज आलम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें पु.अ.नि. शिवम सिंह, सौरभ कुमार आजाद और सशस्त्र बल शामिल थे. पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर छापेमारी कर दोनों अपराधियों को दबोच लिया. पुलिस अब इनसे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगा रही है.

मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >