Motihari News: दुकानदारों से दुर्व्यवहार पर भड़का चैंबर ऑफ कॉमर्स, नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

Motihari News:मोतिहारी में ठेला-खोमचा संचालकों के व्यवहार और अतिक्रमण से परेशान चैंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों ने नगर आयुक्त से मुलाकात की. प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई और महीने के अंत में ट्रेड लाइसेंस शिविर लगाने का भरोसा दिया है. जानिए खबर विस्तार से…

Motihari News: शहर के मेन रोड और मीना बाजार क्षेत्र में ठेला-खोमचा संचालकों द्वारा स्थानीय दुकानदारों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार और आए दिन होने वाली नोंक-झोंक की घटनाओं ने तूल पकड़ लिया है. इस समस्या के समाधान के लिए चैंबर ऑफ कॉमर्स का एक प्रतिनिधिमंडल नगर आयुक्त आशीष कुमार से मिला. प्रतिनिधिमंडल ने अवैध रूप से सड़क किनारे लग रहे ठेलों के कारण उत्पन्न अव्यवस्था और व्यवसायियों को हो रही परेशानी के संबंध में एक ज्ञापन सौंपा. इस मुलाकात के दौरान उपमेयर डॉ. लालबाबू प्रसाद भी विशेष रूप से उपस्थित रहे.

नियमित अतिक्रमण हटाओ अभियान की मांग

चैंबर के प्रतिनिधियों ने नगर आयुक्त से पुरजोर अनुरोध किया कि मीना बाजार और आसपास के व्यस्त इलाकों में नियमित रूप से अतिक्रमण नियंत्रण अभियान चलाया जाए. उन्होंने कहा कि सड़कों पर अवैध कब्जे के कारण न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि स्थानीय व्यापारियों को असुरक्षित वातावरण में काम करना पड़ रहा है. व्यापारियों ने प्रशासन से सुरक्षित और व्यवस्थित व्यवसायिक माहौल उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है ताकि शहर की व्यापारिक गतिविधियां सुचारू रूप से चल सकें.

महीने के अंत में लगेगा ट्रेड लाइसेंस शिविर

ज्ञापन सौंपने के साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने व्यापारियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेड लाइसेंस शिविर लगाने का भी सुझाव दिया. नगर आयुक्त आशीष कुमार और उपमेयर डॉ. लालबाबू प्रसाद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि जल्द ही ठोस कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने घोषणा की कि अधिक से अधिक व्यापारियों को निगम की प्रक्रियाओं से जोड़ने के लिए इस महीने के अंत में ट्रेड लाइसेंस शिविर आयोजित किया जाएगा. मौके पर अनिल अग्रवाल, सुधीर गुप्ता, आलोक कुमार और सुधीर अग्रवाल सहित चैंबर के कई सदस्य मौजूद थे.

मोतिहारी से अभिषेक कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >