Motihari News: सिकरहना नदी में मिला लापता वृद्ध का शव, 24 घंटे से थे गायब, परिजनों में मचा कोहराम

Motihari News: मोतिहारी के बंजरिया में सिकरहना नदी से 65 वर्षीय मोहम्मद कुदुस का शव बरामद हुआ है. सिसवा गांव निवासी कुदुस रविवार से लापता थे. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है. पढ़ें पूरी खबर…

Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले के बंजरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत खैरा घाट स्थित सिकरहना नदी से सोमवार की सुबह एक वृद्ध का शव बरामद किया गया. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान बंजरिया थाना क्षेत्र के सिसवा गाँव निवासी 65 वर्षीय मोहम्मद कुदुस के रूप में की गई है. वह पिछले 24 घंटों से अपने घर से लापता थे.

रिश्तेदार के घर जाने के लिए निकले थे घर से

परिजनों ने बताया कि मोहम्मद कुदुस रविवार की सुबह अपने घर सिसवा से एक रिश्तेदार के यहाँ जाने के लिए निकले थे. जब वह देर शाम तक न तो रिश्तेदार के घर पहुँचे और न ही वापस लौटे, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई. रविवार पूरी रात सगे-संबंधियों और संभावित ठिकानों पर काफी खोजबीन की गई, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका.

नदी में उपलाता मिला शव

सोमवार की सुबह खैरा घाट के पास स्थानीय ग्रामीणों ने नदी में एक शव को उपलाते हुए देखा. शोर मचने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और वृद्ध के परिजन मौके पर पहुँचे, जहाँ परिजनों ने शव की शिनाख्त मोहम्मद कुदुस के रूप में की. शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

घटना की सूचना मिलते ही बंजरिया थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुँची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया. थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.

मोतिहारी के बंजरिया से राज निखिल का रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aaruni Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >