मोतिहारी: रात में हुई नाले की ढलाई और सुबह उभर आईं दर्जनों दरारें, गुणवत्ता पर उठे सवाल

Motihari News: अरेराज में 22 करोड़ की लागत से बन रहे नाले की ढलाई में भारी भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है. रात में हुई ढलाई में सुबह ही बड़ी दरारें आ गईं, जिसके बाद जेई ने जांच और कार्रवाई की बात कही है. पढ़ें पूरी खबर…

Motihari News: बिहार के मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) जिले में पथ निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता को देखकर आप हैरान रह जाएंगे. अरेराज स्थित प्रसिद्ध सोमेश्वरनाथ महादेव नगरी में चल रहे सड़क चौड़ीकरण और नाला निर्माण कार्य में भारी लापरवाही सामने आई है. यहां नाले की स्थिति ऐसी है कि रात में ढलाई होती है और सुबह होते-होते उसमें मकड़ी के जाल की तरह बड़ी-बड़ी दरारें फट जाती हैं.

22 करोड़ की योजना, भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ने की आशंका

बिहार के प्रसिद्ध सोमेश्वरनाथ महादेव मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए अरेराज में आईटीआई कॉलेज से लेकर जनेरवा तक सड़क चौड़ीकरण और दोनों तरफ नाला निर्माण कार्य कराया जा रहा है. लगभग 22 करोड़ रुपए की भारी-भरकम राशि से हो रहे इस निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लग रहा है. स्थानीय दुकानदारों और आम लोगों का कहना है कि ढलाई सूखने से पहले ही खेत की तरह दरक जा रही है.

ठेकेदार कर रहा लीपापोती, लोग बोले- पुलों की तरह भरभराकर गिरेगा नाला

सुबह होते ही ठेकेदार के कर्मियों द्वारा इन चौड़ी दरारों पर सीमेंट की पैचिंग (लीपापोती) कर इसे ढक दिया जाता है और आगे का काम शुरू कर दिया जाता है. स्थानीय लोगों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि विकास कार्य की इसी घटिया गुणवत्ता के कारण बिहार में लगातार पुल भरभराकर गिर रहे हैं. लोगों ने आशंका जताई है कि यह नाला भी छह महीने के भीतर ही ध्वस्त हो जाएगा.

जेई बोले- मामला गंभीर, संवेदक पर होगी कार्रवाई

इस मामले में पथ निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) चंदन कुमार ने बताया कि नाले में दिख रही दरारें बेहद गंभीर मामला हैं. इसकी सूचना तुरंत कार्यपालक अभियंता को दी जा रही है. जांच के बाद दोषी संवेदक (ठेकेदार) के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.

मोतीहारी के अरेराज से हिमांशु की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >