Motihari News: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा आयोजित अधिनायक अनुदेशक भर्ती परीक्षा के दौरान मोतिहारी में हाईटेक तरीके से नकल करने का मामला सामने आया है. एलएनडी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर एक अभ्यर्थी को चप्पल में छिपाए गए इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के माध्यम से कथित रूप से नकल करने का प्रयास करते हुए गिरफ्तार किया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
तलाशी में चप्पल से मिला इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस
गिरफ्तार अभ्यर्थी की पहचान बेतिया निवासी अविनाश कुमार के रूप में हुई है. जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई थी. परीक्षा के दौरान सदर एसडीओ अरुण कुमार और सदर डीएसपी दिलीप कुमार विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर रहे थे. एलएनडी कॉलेज में एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर तलाशी ली गई, जिसमें उसकी चप्पल में छिपाया गया इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद हुआ.
एसपी बोले- यूट्यूब देखकर सीखा था तरीका
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पूछताछ में अविनाश ने स्वीकार किया कि उसने नकल का यह तरीका यूट्यूब पर वीडियो देखकर सीखा था और डिवाइस ऑनलाइन मंगाया था. पुलिस के अनुसार, उसने यह भी बताया कि डिवाइस को इस तरह तैयार किया गया था कि जैमर लगे होने की स्थिति में भी बाहरी नेटवर्क से संपर्क किया जा सके.
जांच से बचने के लिए अपनाई थी यह तरकीब
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले डिवाइस लगी चप्पल को परिसर के अंदर फेंक दिया था और स्वयं नंगे पैर जांच पार कर अंदर पहुंचा. बाद में उसने वही चप्पल पहनकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश किया और कथित रूप से नकल का प्रयास करने लगा. अधिकारियों की सतर्कता से उसकी योजना विफल हो गई.
दो अन्य संदिग्ध हिरासत में, नेटवर्क की जांच
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभ्यर्थी की निशानदेही पर इस मामले में कथित रूप से शामिल दो अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है. उनसे पूछताछ की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है.
सभी परीक्षा केंद्रों पर बढ़ाई गई निगरानी
घटना के बाद जिला प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी और कड़ी कर दी है. प्रशासन ने कहा है कि परीक्षा में किसी भी प्रकार के कदाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
