मोतिहारी: हरियाणा से बिहार तक फैले शराब तस्करी नेटवर्क का खुलासा

मोतिहारी के मधुबन में पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. मोबाइल चैट और डिजिटल साक्ष्यों से हरियाणा से बिहार तक फैले सिंडिकेट के सुराग मिले हैं. पढ़ें पूरी खबर…

मोतिहारी के मधुबन से शशि चंद्र तिवारी की रिपोर्ट

Motihari News: जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के बंजरिया गांव से तीन दिन पूर्व भारी मात्रा में बरामद शराब मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क के मुख्य सरगना समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से बरामद मोबाइल फोन ने हरियाणा, चंडीगढ़ और बिहार तक फैले शराब सिंडिकेट की परतें खोल दी हैं.

मोबाइल चैट, एयर टिकट और विभिन्न सप्लायरों से जुड़े डिजिटल साक्ष्य पुलिस के हाथ लगे हैं, जिसके आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश तेज कर दी गई है.

डीएसपी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

पकड़ीदयाल डीएसपी कुमार चंदन और मधुबन थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में गड़हिया बाजार थाना क्षेत्र निवासी मुन्ना कुशवाहा को गिरफ्तार किया गया.

उसकी निशानदेही पर पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के मझार गांव निवासी नरेश कुशवाहा उर्फ नरेश भगत को भी गिरफ्तार किया गया, जिसे इस नेटवर्क का मुख्य सरगना बताया जा रहा है.

हरियाणा से बिहार पहुंचती थी शराब

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि शराब की खेप हरियाणा के झज्जर से बिहार मंगाई गई थी. गिरफ्तार तस्करों के मोबाइल फोन से चंडीगढ़ के शराब माफियाओं और बिहार के छोटे-बड़े सप्लायरों के साथ बातचीत के कई अहम साक्ष्य मिले हैं.

पुलिस का दावा है कि यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और विभिन्न जिलों में शराब की आपूर्ति करता था.

दोनों आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मामले

थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार नरेश भगत के खिलाफ पकड़ीदयाल और मधुबन थाने में पहले से तीन मामले दर्ज हैं.

वहीं सिरौली निवासी मुन्ना कुशवाहा पर मधुबन, गड़हिया बाजार और सारण जिले के अमनौर थाने में शराब तस्करी से जुड़े छह से अधिक मामले दर्ज हैं.

उन्होंने बताया कि बरामद डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे सिंडिकेट को चिन्हित कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

छापेमारी टीम में शामिल रहे अधिकारी

कार्रवाई में पकड़ीदयाल डीएसपी कुमार चंदन, मधुबन थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय, गड़हिया बाजार थानाध्यक्ष आदित्य कुमार, एसआई अमरजीत कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >