मोतिहारी से अमरेश सिंह की रिपोर्ट
Motihari News: स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को सदर अस्पताल के मुख्य गेट के पास अवैध रूप से संचालित अपना अल्ट्रासाउंड केंद्र को सील कर दिया. यह कार्रवाई प्रशासन के निर्देश पर डॉ. सुनील कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई.
मृत डॉक्टर के नाम पर चल रहा था सेंटर
जांच में खुलासा हुआ कि जिस डॉक्टर के नाम और डिग्री पर अपना अल्ट्रासाउंड केंद्र चलाया जा रहा था, उनकी दो वर्ष पहले ही मृत्यु हो चुकी है.
इसके बावजूद मृत डॉक्टर डॉ. नरूल इस्लाम के नाम का बोर्ड लगाकर मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ किया जा रहा था.
बताया गया कि अपना अल्ट्रासाउंड केंद्र का लाइसेंस वर्ष 2024 में ही समाप्त हो चुका था और इसके नवीकरण की कोई प्रक्रिया भी नहीं की गई थी.
छापेमारी के दौरान चल रहा था अल्ट्रासाउंड
छापेमारी के दौरान टीम के अधिकारी अंदर पहुंचे तो वहां एक महिला का अल्ट्रासाउंड किया जा रहा था. मौके पर जांच-पड़ताल के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए केंद्र को सील कर दिया.
इस कार्रवाई के बाद सदर अस्पताल के आसपास अवैध रूप से चल रहे अन्य जांच केंद्रों के संचालकों में हड़कंप मच गया.
स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
इस मामले ने स्थानीय स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
सदर अस्पताल गेट पर दो साल से मृत डॉक्टर के नाम पर अवैध केंद्र चलता रहा, लेकिन जिला स्तरीय जांच टीम को इसकी भनक तक नहीं लगी. अब यह भी जांच का विषय बन गया है कि यह महज लापरवाही थी या स्वास्थ्य विभाग के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से यह खेल चल रहा था.
