Motihari: जयमाला से पहले प्रेमिका बच्चे संग पहुंची, दुल्हन ने शादी से किया इंकार

जयमाला से पहले मंच पर पहुंची प्रेमिका… दुल्हन ने तुरंत ठुकराई शादी… मौके पर मचा हंगामा…

Motihari News: हरसिद्धि थाना क्षेत्र के रूपडीह गांव में मंगलवार की रात एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब जयमाला से ठीक पहले दूल्हे की कथित प्रेमिका अपने बच्चे के साथ मंच पर पहुंच गई और शादी रुकवा दी.

जानकारी के अनुसार, बारात पहाड़पुर थाना क्षेत्र के बलुआ थरघटी गांव आई थी. जयमाला की तैयारी चल रही थी, तभी असम की रहने वाली एक महिला छोटे बच्चे के साथ स्टेज पर पहुंच गई.

महिला ने दूल्हे पर लगाए गंभीर आरोप

महिला ने दूल्हे पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि दोनों के बीच पहले से संबंध था और मंदिर में शादी भी हो चुकी है. महिला ने यह भी कहा कि दोनों का एक बच्चा भी है.

स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला के आरोपों के बाद शादी समारोह का माहौल पूरी तरह बदल गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

दुल्हन ने शादी से किया इंकार

स्थिति को देखते हुए दुल्हन ने मौके पर ही शादी करने से इंकार कर दिया. बताया जा रहा है कि युवक और महिला की पहचान दिल्ली-गुरुग्राम में स्कूल संचालन के दौरान हुई थी. बाद में दोनों के बीच संबंध गहरा हो गया.

महिला का आरोप है कि युवक अचानक लापता हो गया था, जिसके बाद उसने गुरुग्राम में शिकायत भी दर्ज कराई थी.

दूल्हा और परिजन बने बंधक

घटना के बाद दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे, उसके पिता समेत कुछ लोगों को रोक लिया. वहीं बारातियों में भगदड़ मच गई और कई लोग मौके से भाग निकले.

पुलिस कर रही जांच

हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. फिलहाल दोनों पक्षों के दावों की जांच की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >