मोतिहारी: नदी में डूबे एक ही परिवार के 5 लोग, 4 की लाश मिली, पांचवें शव की तलाश जारी

पूर्वी चंपारण के मोतिहारी से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहाँ गोविंदगंज थाना क्षेत्र में एक महिला और उसके चार बच्चों की पोखर में डूबने से मौत हो गई. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.

अरेराज से हिमांशु कुमार की रिपोर्ट

मोतिहारी न्यूज: पूर्वी चंपारण के मोतिहारी से गुरुवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जिले के अरेराज अनुमंडल अंतर्गत गोविंदगंज थाना क्षेत्र में एक महिला और उसके चार बच्चों की पोखर में डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है.

चार शव बरामद, पांचवें की तलाश जारी

ग्रामीणों की मदद से पोखर से महिला समेत चार शव बाहर निकाले गए हैं. वहीं एक अन्य शव की तलाश जारी है. स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतकों में महिला के अलावा दो बेटे और दो बेटियां शामिल हैं. हालांकि प्रशासन की ओर से सभी मृतकों की आधिकारिक पहचान और संख्या की पुष्टि की प्रक्रिया जारी है.

महिला की हुई पहचान

मृत महिला की पहचान बभनौली पंचायत के वार्ड संख्या-06 निवासी धर्मेंद्र महतो की पत्नी सुशीला देवी के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.

घटना को लेकर अलग-अलग दावे

घटना के कारणों को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है. ग्रामीणों का कहना है कि यह मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा हो सकता है. वहीं कुछ लोगों का कहना है कि महिला बच्चों के साथ पशुओं के लिए चारा काटने गई थी, इसी दौरान यह हादसा हुआ. पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही अरेराज के अंचलाधिकारी (सीओ) और गोविंदगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से पांचवें शव की तलाश जारी है.

पुलिस अधिकारियों ने की लोगों से अपील

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच और परिजनों के बयान के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है.

यह भी पढे़ं: मोतिहारी में बनेगा नया औद्योगिक हब, 105 एकड़ में लगेंगे फूड प्रोसेसिंग उद्योग


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अनिकेत कुमार

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >