Cyber Fraud News: पकड़ीदयाल अनुमंडल के तेतरिया और पकड़ीदयाल प्रखंड में साइबर ठग जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) के दुकानदारों को प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) बनकर फोन कर रुपये मांग रहे हैं. मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी निमिषा ने सभी पीडीएस दुकानदारों और आम लोगों से ऐसे कॉल से सावधान रहने और किसी भी स्थिति में पैसे नहीं देने की अपील की है.
Patahi News: एमओ बनकर मांगे जा रहे रुपये
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी निमिषा ने बताया कि मोबाइल नंबर 970xxxxxx और 262xxxxxx से तेतरिया प्रखंड के पीडीएस दुकानदार उमेश सिंह को फोन कर खुद को एमओ बताते हुए रुपये मांगे गए. इसी तरह चैता के पीडीएस दुकानदार रामकुमार राम, धनौजी के हरेंद्र ठाकुर, विक्रम कुमार और जफरुद्दीन को भी फोन कर साइबर ठगों ने पैसे की मांग की. हालांकि सभी दुकानदारों ने सतर्कता दिखाते हुए ठगी का शिकार होने से खुद को बचा लिया.
दुकानदारों और आम लोगों से अपील
एमओ ने सभी जनवितरण प्रणाली के दुकानदारों और आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति अधिकारी बनकर फोन पर रुपये मांगे तो किसी भी स्थिति में पैसे न दें. किसी भी संदिग्ध कॉल की सूचना तुरंत संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों या पुलिस को दें.
दर्ज होगी प्राथमिकी
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी निमिषा ने बताया कि साइबर ठगों के खिलाफ जल्द ही प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी. साथ ही मामले की सूचना संबंधित एजेंसियों को भी दी जा रही है, ताकि आरोपितों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा सके.
यह भी पढ़ें: सप्तक्रांति और अवध एक्सप्रेस घंटों लेट, मोतिहारी स्टेशन पर यात्रियों की उमड़ी भीड़
