विवाहिता का संदिग्ध अवस्था में मिला शव, फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

पूर्वी चंपारण के तुरकौलिया में एक विवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका मिला. घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है.

Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र स्थित चारगाहा पंचायत के वार्ड संख्या 3 में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. यहाँ एक घर के अंदर कमरे में फंदे से लटकता हुआ एक विवाहिता का शव बरामद किया गया. मृतका की पहचान पसुरामपुर गांव निवासी पिंटू कुमार की पत्नी प्रीति कुमारी के रूप में हुई है. घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई.

सदर डीएसपी ने घटनास्थल का लिया जायजा

घटना की सूचना मिलते ही तुरकौलिया पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. जिस कमरे में महिला का शव लटका हुआ था, उसका दरवाजा अंदर से बंद था. पुलिस को कमरा खोलने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और शव को अपने कब्जे में लिया. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सदर डीएसपी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष तथा वैज्ञानिक तरीके से मामले की जांच करने का सख्त निर्देश दिया.

फॉरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम का इंतजार

साक्ष्य जुटाने के लिए चलंत फॉरेंसिक जांच टीम को भी मौके पर बुलाया गया. फॉरेंसिक टीम ने कमरे और आसपास के इलाके से जरूरी नमूने एकत्र किए. पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. प्रभारी थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया सभी कोणों से मामले की पड़ताल की जा रही है. परिजनों से पूछताछ जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Sumit Kumar

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >