मोतिहारी में मधुबन-गड़हिया मुख्यपथ की आधी सड़क टूटी, गहरे गड्ढे से हादसे का खतरा

मोतिहारी जिले में मधुबन-गड़हिया मुख्य पथ पर सेमरा गांव के पास सड़क का बड़ा हिस्सा टूट गया है, जिससे बड़े हादसे का खतरा बढ़ गया है. बारिश के पानी के तेज बहाव से बना गहरा गड्ढा अनजान चालकों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है. स्थानीय लोगों की चिंता और प्रशासन से तत्काल मरम्मत की मांग.

Motihari News: मोतिहारी जिले के मधुबन-गड़हिया मुख्यपथ पर सेमरा गांव के समीप सड़क का करीब आधा हिस्सा टूट जाने से बड़ा हादसा होने का खतरा लगातार बढ़ गया है. बारिश के पानी के तेज बहाव के कारण सड़क का किनारा पूरी तरह से टूटकर गहरे गड्ढे में तब्दील हो गया है. इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों की संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, जिनमें यात्री वाहन, बाइक, ट्रैक्टर और भारी मालवाहक ट्रक भी शामिल हैं.

road safety: ग्रामीणों की चिंता और अनजान चालकों के लिए जोखिम

ग्रामीण रजनीश कुमार, सुरज कुमार, जयमंगल सहनी, राजेश्वर प्रसाद आदि ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से यही स्थिति बनी हुई है. सड़क का टूटा हुआ हिस्सा दूर से स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देता, जिससे अनजान वाहन चालकों के लिए खतरा और अधिक बढ़ गया है. जो चालक इस मार्ग से पहले से परिचित हैं, वे किनारे से सावधानीपूर्वक अपने वाहन निकाल रहे हैं. वहीं, नए वाहन चालकों को अचानक टूटे हिस्से का सामना करना पड़ता है, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. इसके साथ ही सड़क करीब 2 से 2.5 फीट तक नीचे धंस चुकी है.

Madhuban-Garahiya road: गड़हिया बाजार है इलाके का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र

यह मार्ग मधुबन और गड़हिया क्षेत्र को आपस में जोड़ने वाली मुख्य सड़क होने के कारण स्थानीय लोगों के लिए लाइफलाइन मानी जाती है. मधुबन प्रखंड के अंतर्गत आने वाला गड़हिया बाजार, मधुबन के बाद इस इलाके का एक बड़ा व्यावसायिक केंद्र है. यहां गैस एजेंसी और गड़हिया बाजार थाना समेत कई महत्वपूर्ण व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्थित हैं, जिनकी सीधी कनेक्टिविटी इसी पथ से जुड़ी हुई है. फिलहाल सड़क के काफी जर्जर होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

प्रशासन का मिला आश्वासन

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से पुरजोर मांग की है कि सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा बारिश के पानी की निकासी की भी उचित व्यवस्था की जाए, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके. इस मामले पर पकड़ीदयाल की एसडीओ मंगला कुमारी ने बताया कि सड़क में बने गड्ढे को जल्द ही ठीक कराया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shashi Chandra Tiwary

शशि चंद्र तिवारी वरिष्ठ पत्रकार हैं. साल 2009 में सन्मार्ग हिंदी दैनिक से पत्रकारिता की शुरुआत की और 2011 से लगातार प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वर्तमान में वह पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन से प्रभात खबर के संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. समसामयिक, अपराध, राजनीति, प्रशासनिक गतिविधि और कृषि जैसे विषयों की पत्रकारिता में विशेष रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >