Raxaul News: रक्सौल. पटना के फुलवारीशरीफ से अपहृत युवती को नेपाल भेजे जाने की कोशिश से पहले हरैया थाना पुलिस ने रक्सौल के कस्टम चौक से बरामद कर लिया. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती को अपनी अभिरक्षा में लिया. युवती की पहचान फिलहाल काल्पनिक नाम गीता प्रवीन के रूप में की गयी है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवती को फुलवारीशरीफ से रक्सौल कौन लेकर आया और नेपाल भेजने की योजना में कौन-कौन लोग शामिल थे.
नेपाल भेजे जाने से पहले कस्टम चौक पर मिली युवती
हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि फुलवारीशरीफ से अपहृत युवती को एक युवक नेपाल भेजने की तैयारी में है. सूचना मिलने के बाद कस्टम चौक पर निगरानी बढ़ायी गयी और संदिग्धों की जांच शुरू की गयी. इसी दौरान युवती पुलिस के हाथ लगी.
पूछताछ में युवती ने बतायी नेपाल भेजने की बात
पुलिस की पूछताछ में युवती ने बताया कि एक युवक उसे नेपाल भेजने की तैयारी कर रहा था. इसके बाद हरैया पुलिस ने फुलवारीशरीफ थाना पुलिस से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी. युवती को पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की.
मां के आवेदन पर दर्ज है अपहरण की प्राथमिकी
पुलिस के अनुसार, युवती की मां के आवेदन पर फुलवारीशरीफ थाना में उसके अपहरण की प्राथमिकी दर्ज है. मामले में दो युवकों को नामजद किया गया है. प्राथमिकी फुलवारीशरीफ थाना कांड संख्या 1556/26 के तहत दर्ज की गयी है.
फुलवारीशरीफ से रक्सौल पहुंचने की कड़ी खंगाल रही पुलिस
युवती के बरामद होने के बाद पुलिस अब उसकी फुलवारीशरीफ से रक्सौल तक पहुंचने की पूरी कड़ी की जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसे रक्सौल कौन लेकर आया और नेपाल भेजने की योजना में कौन-कौन लोग शामिल थे. नामजद आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
संबंधित थाना पुलिस को दी गयी बरामदगी की सूचना
हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि युवती की बरामदगी की सूचना फुलवारीशरीफ थाना पुलिस को दे दी गयी है. मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. पुलिस नेपाल भेजने की कथित योजना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाने में जुटी है.
यह भी पढ़ें: शौच के लिए घर से निकली थी नाबालिग, काफी देर बाद भी नहीं लौटी तो परिवार के उड़े होश
