सात दिन के नवजात को बंद कर भागा अस्पताल संचालक, प्रशासन की तत्परता से बची जान

मोतिहारी के चकिया में प्रशासन ने दो अवैध अस्पतालों पर छापेमारी कर उन्हें सील कर दिया. कार्रवाई के दौरान एक बंद अस्पताल में वार्मर पर रखा सात दिन का नवजात मिला, जबकि दूसरे अस्पताल में बिना डॉक्टर के चार बच्चों का इलाज चल रहा था.

चकिया (मोतिहारी) से निर्मल मिश्रा की रिपोर्ट

Chakia News: चकिया अनुमंडल प्रशासन ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अवैध अस्पतालों को सील कर दिया. कार्रवाई के दौरान एक सात दिन का नवजात बंद अस्पताल के अंदर वार्मर पर मिला, जबकि अस्पताल का संचालक और कर्मचारी मौके से फरार थे. प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से नवजात की जान बच गई.

रोते बच्चे की आवाज सुनकर पहुंची प्रशासनिक टीम

अनुमंडल पदाधिकारी शिवानी शुभम ने बताया कि प्रशासन को सूचना मिली थी कि व्यापार मंडल स्थित एक हॉल से बच्चे के रोने की आवाज आ रही है. हॉल बाहर से बंद था और उस पर ताला लगा हुआ था.

बच्चे की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासनिक टीम ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया. अंदर अंधेरे कमरे में एक नवजात को वार्मर पर रखा गया था, लेकिन वहां कोई चिकित्सक या स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं था.

पीलिया की शिकायत पर कराया गया था भर्ती

जांच के दौरान नवजात के परिजनों का पता लगाया गया. करीब आधे घंटे बाद बच्चे के माता-पिता मौके पर पहुंचे. परिजनों ने बताया कि सात दिन के नवजात को पीलिया (जॉन्डिस) की शिकायत के बाद मंगलवार रात यहां भर्ती कराया गया था.

यह भी पढ़ें: भीषण गर्मी को लेकर डीएम का बड़ा आदेश, कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल 27 जून तक बंद

तलाशी में मिला क्लिनिक का प्रिस्क्रिप्शन

अस्पताल की तलाशी के दौरान प्रशासन को लाल गोपाल क्लिनिक का प्रिस्क्रिप्शन मिला, जिस पर दो डॉक्टरों के नाम दर्ज थे.

प्रशासन ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए दस्तावेजों और अस्पताल संचालन से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है.

दूसरे अस्पताल में मिले चार बच्चे भर्ती

कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक टीम पुराना बाइपास स्थित संजीवनी चाइल्ड केयर भी पहुंची. यहां बिना किसी चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी की मौजूदगी के चार बच्चों को क्रिटिकल केयर यूनिट में रखा गया था. बच्चों के अभिभावक बाहर इंतजार कर रहे थे. सभी बच्चों को बेहतर उपचार के लिए जिला सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.

यह भी पढ़ें: कस्टमर केयर के नाम पर साइबर जाल, खाते से उड़े 95 हजार रुपये

दोनों अस्पताल सील, उपकरण जब्त

अनुमंडल प्रशासन ने दोनों अस्पतालों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है. छापेमारी के दौरान अल्ट्रासाउंड मशीन, कई वार्मर, ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य चिकित्सा उपकरण जब्त किए गए हैं.

संचालकों और चिकित्सकों पर होगी कार्रवाई

एसडीओ शिवानी शुभम ने बताया कि दोनों अस्पतालों के संचालकों और संबंधित चिकित्सकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: चिरैया में 39 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, पुलिस-एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई

अवैध अस्पतालों पर चलेगा अभियान

प्रशासन ने संकेत दिया है कि जिले में संचालित अवैध अस्पतालों और नर्सिंग होम के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा. स्वास्थ्य मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >