East Champaran News: पूर्वी चंपारण के कोटवा थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम एनएच-27 पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. डुमरा रेलवे लाइन के समीप पीछे से आ रही एक हाइड्रा ने बाइक में टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
गोपालगंज से मोतिहारी जा रहे थे दोनों युवक
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से गोपालगंज की ओर से मोतिहारी जा रहे थे.
डुमरा रेलवे लाइन के पास उसी लेन में पीछे से आ रही हाइड्रा ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए.
112 की टीम ने पहुंचाया अस्पताल
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल कोटवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.
वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
घायलों की हुई पहचान
घायलों की पहचान गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के बनकटिया टोला वार्ड संख्या-2 निवासी राहुल कुमार, पिता विद्या सिंह, और रंगलाल सिंह, पिता रामधारी सिंह, के रूप में हुई है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
112 टीम के पदाधिकारी बैरिस्टर सिंह ने बताया कि दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में मोतिहारी सदर अस्पताल भेजा गया है.
घायलों की मदद में 112 टीम के चालक रूबॉस यादव, महिला सिपाही निक्की कुमारी और शिवानी कुमारी ने भी सहयोग किया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
