Murder Accused Surrenders: मोतिहारी जिले के बंजरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चैलाहां अमवा वार्ड नंबर-08 में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या करने, शव गायब करने और साक्ष्य छिपाने के चर्चित मामले में मुख्य अभियुक्त पति सूरज कुमार ने सोमवार को बंजरिया पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है.
शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोखुला बाजार तरकुलवा टोला निवासी धर्मेंद्र साह ने अपनी पुत्री बिंदु देवी की शादी करीब तीन साल पहले चैलाहां अमवा निवासी नागिना साह के पुत्र सूरज साह के साथ की थी. मृतका के पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उनकी पुत्री को शारीरिक और मानसिक रूप से लगातार प्रताड़ित कर रहे थे.
हत्या कर साक्ष्य छिपाने की रची साजिश
बीते 15 जून 2026 को नामजद अभियुक्तों पर एक सोची-समझी साजिश के तहत बिंदु देवी की हत्या करने और मायके पक्ष को किसी भी प्रकार की सूचना दिए बिना ही शव का जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कर साक्ष्य छिपाने का गंभीर आरोप लगाया गया था. इस दर्दनाक घटना के बाद मृतका के पिता ने बंजरिया थाने में लिखित आवेदन देकर मृतका के पति, सास, ससुर और देवर को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी.
पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण किया सरेंडर
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही बंजरिया थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी. पुलिस के बढ़ते शिकंजे और लगातार दबिश से घबराकर आखिरकार मुख्य अभियुक्त पति सूरज कुमार ने सोमवार को खुद थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया.मामले की पुष्टि करते हुए बंजरिया थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि मुख्य अभियुक्त को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है. घटना में शामिल अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी अभी भी जारी है.
