Motihari News: हरसिद्धि थाना क्षेत्र के एक गांव में दो बच्चों की मां के रिश्ते के देवर के साथ घर से फरार होने का मामला सामने आया है. महिला के पति ने थाना में आवेदन देकर युवक और उसके परिजनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. पति का आरोप है कि महिला घर से निकलते समय करीब 1.20 लाख रुपये नकद और जेवरात भी अपने साथ ले गई. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
Harsiddhi News: रिश्ते के देवर पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
महिला के पति के अनुसार उसकी शादी करीब दस वर्ष पहले तुरकौलिया थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी. शादी के बाद दोनों के दो बच्चे हुए. पति मजदूरी के लिए तमिलनाडु में रहता है, जबकि महिला दोनों बच्चों के साथ गांव स्थित घर पर रहती थी.
पति का आरोप है कि इसी दौरान उसके रिश्ते का भाई रौशन कुमार, निवासी जैल मुरारपुर और अशोक यादव का पुत्र, अक्सर घर आने-जाने लगा. आरोप है कि इसी क्रम में रौशन कुमार ने उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने प्रभाव में ले लिया.
पंचायत में समझाने के बाद भी नहीं सुलझा मामला
आवेदन के अनुसार महिला और युवक के संबंध की जानकारी मिलने के बाद परिवार और ग्रामीणों के स्तर पर मामले को सुलझाने के लिए पंचायत भी बैठाई गई थी. पति का आरोप है कि पंचायत में समझाने के बावजूद युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया.
दो बच्चों को घर पर छोड़कर महिला हुई फरार
पति ने बताया कि हाल के दिनों में महिला दोनों बच्चों को घर पर छोड़कर रौशन कुमार के साथ फरार हो गई. उसका आरोप है कि घर से निकलते समय महिला करीब 1.20 लाख रुपये नकद और जेवरात भी साथ ले गई.
घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है और पति ने पुलिस से पत्नी की बरामदगी की मांग की है.
परिजनों से पूछताछ पर मारपीट का आरोप
पति के अनुसार, जब उसने महिला के फरार होने के संबंध में रौशन कुमार के परिजनों से पूछताछ की तो उसके पिता अशोक यादव कथित रूप से मारपीट करने पर उतारू हो गए.
इसके बाद महिला के पति ने हरसिद्धि थाना पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी और युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
पुलिस महिला और युवक की तलाश में जुटी
हरसिद्धि थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस महिला और रौशन कुमार के संबंध में उपलब्ध जानकारी जुटा रही है. दोनों की तलाश के साथ आवेदन में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
यह भई पढ़ें: लॉज में रची गई थी लोजपा नेता की हत्या की साजिश, अब हाथीदह से पकड़ा गया मुख्य आरोपी
