Motihari News: शहर में डोर-टू-डोर कचरा उठाव पर हर वर्ष करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद वार्ड संख्या-34 के बलुआ टाल मोहल्ले में सफाई व्यवस्था बदहाल बनी हुई है. सिटी कार्ट मॉल के सामने ट्रांसफार्मर से बलुआ गुमटी जाने वाली सड़क के बीच लंबे समय से कूड़े का ढेर लगा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम के सफाईकर्मी नियमित रूप से इस मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन सड़क पर जमा कचरे का उठाव नहीं किया जाता.
गंदगी और दुर्गंध से बढ़ी परेशानी
लगातार बारिश के कारण कूड़े से तेज दुर्गंध फैल रही है. आसपास मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ने लगा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई.
अतिक्रमण से संकरी हुई सड़क
मोहल्लेवासियों का कहना है कि सड़क किनारे अतिक्रमण होने से सरकारी सड़क संकरी हो गई है. इससे वाहनों और पैदल राहगीरों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है. लोगों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से संयुक्त रूप से सड़क की पैमाइश कर अतिक्रमण हटाने की मांग की है.
सफाई अभियान चलाने की मांग
स्थानीय लोगों ने कहा कि बलुआ टाल शहर का प्रमुख रिहायशी इलाका है, लेकिन यहां नियमित सफाई नहीं होने से नाराजगी बढ़ रही है. उन्होंने नगर निगम से कूड़े का नियमित उठाव सुनिश्चित करने, विशेष सफाई अभियान चलाने और बारिश के मौसम में बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: तीन दिन की बारिश में डूबा शहर, जलजमाव ने खोली नगर निगम की तैयारियों की पोल
