Motihari News Road Accident: थाना क्षेत्र के एनएच-28ए स्थित रतनपुर मोड़ के पास गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय हरेंद्र महतो की मौत हो गई. परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, अज्ञात पिकअप वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क पर आगजनी कर करीब दो घंटे तक एनएच-28ए जाम रखा.
इस दौरान हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया.
सड़क पार करते समय हुआ हादसा
मृतक की पहचान सिंघिया हीवन गांव निवासी हरेंद्र महतो के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह शाम करीब 7 बजे सिंघिया हीवन माई स्थान चौक से पैदल सड़क पार कर अपने घर लौट रहे थे.
इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस पर देरी से पहुंचने का आरोप
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. ग्रामीणों का आरोप था कि घटनास्थल से महज करीब 200 मीटर की दूरी पर थाना होने के बावजूद पुलिस लगभग आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची.
इसी बात से नाराज लोगों ने मुआवजे और सुरक्षा व्यवस्था की मांग करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की.
ये थीं ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखीं, जिनमें शामिल हैं—
- मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा.
- पुलिस के देर से पहुंचने के आरोप की जांच.
- दुर्घटना बहुल रतनपुर मोड़ पर स्पीड ब्रेकर का निर्माण.
- सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग.
- हाई-मास्ट लाइट की स्थापना.
अधिकारियों के आश्वासन के बाद खुला जाम
सूचना मिलते ही सदर एसडीओ अरुण कुमार, सदर-1 डीएसपी दिलीप कुमार, यातायात डीएसपी उमेश कुमार, मुख्यालय डीएसपी सुनील कुमार, प्रशिक्षु डीएसपी कुमारी प्रियंका, बंजरिया सीओ कृष्ण प्रताप सिंह, नगर थानाध्यक्ष राजीव कुमार, बंजरिया थानाध्यक्ष अमित कुमार समेत कई अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे.
अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को जल्द कार्रवाई तथा मांगों पर विचार का आश्वासन दिया. इसके बाद जाम समाप्त हुआ और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
पुलिस ने क्या कहा?
सदर-1 डीएसपी दिलीप कुमार ने बताया कि परिजनों को समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि परिजनों ने डायल-112 पुलिस के देर से पहुंचने का आरोप लगाया है. इस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
