रक्सौल में जाम की समस्या पर प्रशासन सख्त, डीएम-एसपी ने बाटा चौक से कस्टम चौक तक बैरिकेडिंग के दिए निर्देश

पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने रक्सौल में जाम की विकट समस्या का जायजा लिया. अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं. सीमावर्ती क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया गया.

Raxaul News: शहर में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या को लेकर मंगलवार को पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात खुद सड़क पर उतरे. दोनों अधिकारियों ने जाम प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए कई अहम निर्देश दिए.

निरीक्षण की शुरुआत शहर के सबसे व्यस्त बाटा चौक से हुई, जहां अधिकारियों ने मौके पर ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लिया.

बाटा चौक से कस्टम चौक तक होगी बैरिकेडिंग

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो को बाटा चौक से कस्टम चौक तक सड़क के बीच बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया.

अधिकारियों का कहना है कि इससे वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर रोक लगेगी और ट्रैफिक को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी.

ट्रैफिक पुलिस को भी दिए सख्त निर्देश

डीएम और एसपी ने ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को निर्धारित वर्दी में ड्यूटी करने का निर्देश दिया.

साथ ही कहा कि सड़क पर अनावश्यक अतिक्रमण और अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को जाम से राहत मिल सके.

हवाई अड्डे की जमीन का भी लिया जायजा

शहर के निरीक्षण के बाद दोनों अधिकारियों ने रक्सौल हवाई अड्डा पहुंचकर सरकार द्वारा अधिग्रहित भूमि का निरीक्षण किया.

इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए.

भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र का भी किया निरीक्षण

इसके बाद डीएम और एसपी ने पंटोका पोस्ट पहुंचकर एसएसबी अधिकारियों के साथ भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र का निरीक्षण किया.

उन्होंने सीमा सुरक्षा और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की.

कई अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान डीडीसी डॉ. प्रदीप कुमार, सदर एसडीओ अरुण कुमार, रक्सौल एसडीओ नागमणि कुमार वर्मा, रक्सौल एसडीपीओ मनीष आनंद समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. प्रशासन ने संकेत दिया है कि रक्सौल में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Jitendra kumar

Published by: Aaruni Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >