Motihari News: जिला अस्पताल समेत सभी सरकारी अस्पतालों के ऑपरेशन थिएटर होंगे अपग्रेड, ग्रामीणों को मिलेगी सर्जरी की सुविधा

मोतिहारी के सरकारी अस्पतालों में जल्द ही ऑपरेशन थिएटर (ओटी) अपग्रेड किए जाएंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर मरीजों को उन्नत सर्जरी की सुविधा मिलेगी। ऑर्थोपेडिक ओटी के लिए उपकरण 10 दिनों में मिलने की उम्मीद है, जिससे बड़े हड्डी ऑपरेशन अब जिले में ही संभव होंगे।

Motihari Health News: जिला सदर अस्पताल सहित जिले के सभी अनुमंडलीय एवं प्रखंड स्तरीय सरकारी अस्पतालों के ऑपरेशन थिएटर (ओटी) को जल्द अपग्रेड किया जाएगा. इस संबंध में राज्य स्वास्थ्य समिति के प्रशासकीय अधिकारी ने सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार, जिला अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. एसएन सत्यार्थी और अस्पताल प्रबंधक कौशल किशोर दुबे के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की.

स्वास्थ्य केंद्रों से मांगी गई उपकरणों की सूची

बैठक में राज्य स्वास्थ्य समिति ने सदर अस्पताल समेत सभी सरकारी अस्पतालों के ऑपरेशन थिएटर में उपलब्ध उपकरणों और आवश्यक नए उपकरणों की सूची मांगी है. उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही सुरक्षित एवं उन्नत सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराना है.

सिविल सर्जन ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारियों को आवश्यक उपकरणों की सूची शीघ्र तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है.

10 दिनों में मिलेगा ऑर्थो ओटी का उपकरण

बैठक में सदर अस्पताल के लिए राहतभरी जानकारी भी सामने आई. राज्य स्वास्थ्य समिति ने अगले 10 दिनों के भीतर सदर अस्पताल के ऑर्थोपेडिक (हड्डी रोग) ऑपरेशन थिएटर के लिए आवश्यक सभी उपकरण उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है. उपकरण उपलब्ध होने के बाद अस्पताल में ऑर्थो ओटी की सुविधा पूरी तरह बहाल हो जाएगी.

अब जिले में ही होंगे हड्डी के बड़े ऑपरेशन

अब तक हड्डी से संबंधित जटिल ऑपरेशन या सड़क दुर्घटना के गंभीर मामलों में मरीजों को निजी अस्पतालों या पटना रेफर होना पड़ता था, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ता था. नई मशीनें और उपकरण मिलने के बाद ऐसे ऑपरेशन अब मोतिहारी सदर अस्पताल में ही किए जा सकेंगे. इससे मरीजों को कम खर्च में बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी.

सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार ने कहा कि विभाग की इस पहल से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण सुधार होगा और मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amresh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >