Motihari News: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को ढाका फैन क्लब की ओर से नशामुक्ति जागरूकता मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया. तीन किलोमीटर लंबी मैराथन मोतिहारी रोड स्थित फ्लाईओवर से शुरू होकर घोड़ासहन रोड स्थित फ्लाईओवर पर समाप्त हुई. दौड़ में बड़ी संख्या में युवाओं और गणमान्य लोगों ने भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया.
Dhaka News: 3 किमी मैराथन से दिया नशामुक्ति का संदेश
मैराथन का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम लोगों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देना रहा. दौड़ में शामिल युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला.
एसडीओ ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
एसडीओ विजय कुमार ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन में शामिल प्रतिभागियों को रवाना किया. उन्होंने कहा कि नियमित दौड़ और शारीरिक गतिविधियों से शरीर स्वस्थ रहता है और स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन का विकास होता है.
उन्होंने युवाओं से खेलकूद को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहने की अपील की.
गणमान्य लोगों ने भी लिया मैराथन में हिस्सा
मैराथन में डॉ. एलबी प्रसाद समेत कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया. डॉ. एलबी प्रसाद ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से समाज में नशामुक्ति का सकारात्मक संदेश जाता है.
मौके पर डॉ. एनके साह, नगर परिषद सभापति मो. इमतेयाज अख्तर, डॉ. एसके गुप्ता, समाजसेवी नाज़िम हुसैन, अनवर फारूकी, वार्ड पार्षद पति भाई अख्तर, डॉ. अमिक, डॉ. मो. मोतिउर्रहमान, डॉ. फैज़ आलम सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
बालक-बालिका वर्ग के टॉप-5 विजेता सम्मानित
मैराथन के सफल प्रतिभागियों में बालक एवं बालिका वर्ग के टॉप-5 विजेताओं को नगद राशि, ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया. वहीं मैराथन में शामिल सभी प्रतिभागियों को भागीदारी प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया.
युवाओं में दिखा खास उत्साह
मैराथन को लेकर युवाओं में विशेष उत्साह रहा. प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्ति का संदेश लोगों तक पहुंचाया. आयोजकों ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे.
आयोजकों ने जताया आभार
ढाका फैन क्लब के अध्यक्ष अब्दुल रहमान ने सभी पदाधिकारियों, आयोजन समिति के सदस्यों, सहयोगियों, प्रायोजकों, स्वयंसेवकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से मैराथन का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका.
यह भी पढ़ें: किताबों से आगे खेलों से सीखेंगे बच्चे, अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी में हुई खास चर्चा
