Motihari News: जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) राजन कुमार गिरी ने विभागीय कार्यों को समय पर पूरा कराने के लिए सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने दो जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (DPO) को तत्काल प्रभाव से अपने-अपने कार्यों का प्रभार लेने का निर्देश दिया है.
इस संबंध में डीईओ ने दोनों अधिकारियों को अलग-अलग पत्र जारी किया है.
प्रभार नहीं लेने पर जारी की चेतावनी
डीईओ ने डीपीओ ब्रजेश कुमार को पत्र लिखकर कहा है कि स्थापना शाखा का कार्यभार सौंपे जाने के बावजूद उन्होंने प्रभार ग्रहण नहीं किया.
पत्र में उन्हें बिना किसी देरी के तत्काल स्वयं कार्यभार संभालने का निर्देश दिया गया है.
पीएम पोषण योजना का भी दिया गया प्रभार
डीईओ ने डीपीओ गोपाल कृष्ण को भी तत्काल प्रभाव से पीएम पोषण योजना का प्रभार ग्रहण करने का निर्देश दिया है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागीय कार्यों में किसी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी.
पहले ही जारी हो चुका था दायित्वों का बंटवारा
नए डीपीओ और कार्यक्रम पदाधिकारियों के योगदान के बाद 11 जुलाई को जिला शिक्षा पदाधिकारी ने विभिन्न शाखाओं के कार्यों का बंटवारा किया था.
आदेश के अनुसार गोपाल कृष्ण को पीएम पोषण योजना, ब्रजेश कुमार को स्थापना एवं एसएसए, आशा कुमारी को योजना एवं लेखा, जबकि उमेश कुमार को माध्यमिक शिक्षा एवं साक्षरता की जिम्मेदारी सौंपी गई थी.
डीईओ ने संबंधित अधिकारियों को आवंटित दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.
