Motihari News: बैंकों और वित्तीय संस्थानों से ऋण लेकर समय पर भुगतान नहीं करने वाले डिफॉल्टरों के खिलाफ बंजरिया थाना पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. क्षेत्र में 100 से अधिक ताकीला वारंटियों को चिह्नित किया गया है. पिछले दो दिनों से लगातार चल रही छापेमारी के दौरान कई बकायेदारों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जबकि कुछ लोगों ने मौके पर ही बकाया राशि जमा कर गिरफ्तारी से राहत पाई है.
Banjariya News: 100 से अधिक वारंटी चिह्नित
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि बैंक और वित्तीय संस्थानों के ऋण से जुड़े मामलों में 100 से अधिक ताकीला वारंटियों को चिह्नित किया गया है. इन वारंटियों के खिलाफ पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है. पिछले दो दिनों में कई डिफॉल्टरों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा गया है.
ऋण जमा करने वालों को मिली राहत
पुलिस कार्रवाई के दौरान कुछ ऋण बकायेदारों ने मौके पर ही बकाया राशि जमा कर दी. इसके बाद उन्हें गिरफ्तारी की कार्रवाई से राहत मिली. पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य लोगों को परेशान करना नहीं, बल्कि बकाया ऋण की राशि का भुगतान सुनिश्चित कराना है.
नो ड्यूज सर्टिफिकेट से वारंट निरस्त कराने की अपील
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने सभी संबंधित ऋणधारकों से अपील की है कि वे अगले दो-तीन दिनों के भीतर स्वेच्छा से अपना बकाया ऋण जमा कर बैंक से नो ड्यूज सर्टिफिकेट प्राप्त कर लें. इसके बाद उक्त प्रमाणपत्र थाने में जमा करने पर संबंधित वारंट को निरस्त कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाना उद्देश्य नहीं : थानाध्यक्ष
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पुलिस का उद्देश्य किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाना या बिना वजह जेल भेजना नहीं है. कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य ऋण की बकाया राशि का समय पर भुगतान सुनिश्चित कराना है. उन्होंने सभी वारंटियों से पुलिस और बैंक प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की.
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
बंजरिया पुलिस ने संकेत दिया है कि बकाया ऋण से जुड़े मामलों में कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. प्रशासन ने संबंधित लोगों से कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए समय रहते बैंक से संपर्क कर बकाया राशि जमा करने और आवश्यक प्रमाणपत्र प्राप्त करने की अपील की है.
यह भी पढ़ें: हैदराबाद में मुजफ्फरपुर के 6 खिलाड़ियों ने जीते 12 पदक, 7 स्वर्ण के साथ बिहार का बढ़ाया मान
