मोतिहारी सदर अस्पताल में सिविल सर्जन का औचक निरीक्षण, वार्डों का लिया जायजा और कर्मचारियों को दिये सख्त निर्देश

मोतिहारी सदर अस्पताल में सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार ने रविवार को अचानक पहुंचकर हड़कंप मचा दिया. उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं, ऑपरेशन थिएटर, नवजात देखभाल इकाई और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया.

Motihari News: मोतिहारी. सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार ने रविवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. सिविल सर्जन के अचानक अस्पताल पहुंचने से प्रशासन और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों में हड़कंप मच गया. उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और कमियों को तत्काल सुधारने के निर्देश दिये. निरीक्षण के दौरान उन्होंने मातृ शिशु अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर, विशेष नवजात देखभाल इकाई, एमएनसी, प्रसव विभाग और मेटरनिटी वार्ड का निरीक्षण किया. वार्डों में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी भी ली.

मातृ शिशु अस्पताल के विभिन्न वार्डों का लिया जायजा

डॉ. दिलीप कुमार ने मातृ शिशु अस्पताल पहुंचकर ऑपरेशन थिएटर, विशेष नवजात देखभाल इकाई, एमएनसी, प्रसव विभाग और मेटरनिटी वार्ड की व्यवस्थाओं को देखा. उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्य कर्मियों को मुस्तैदी से काम करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों के इलाज और देखभाल में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

मरीजों से सीधे पूछी इलाज और सुविधाओं की जानकारी

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने वार्डों में भर्ती मरीजों से बातचीत की. उन्होंने मरीजों से अस्पताल में मिल रही सुविधाओं, इलाज और देखभाल के बारे में जानकारी ली. मरीजों से मिली जानकारी के आधार पर भी व्यवस्थाओं को बेहतर करने पर जोर दिया गया.

मेडिकल और सामान्य कचरे के लिए डस्टबिन जरूरी

सिविल सर्जन ने अस्पताल परिसर और वार्डों में साफ-सफाई का भी जायजा लिया. कचरा प्रबंधन को लेकर उन्होंने ऑन-ड्यूटी स्टाफ को सख्त निर्देश दिया कि मेडिकल और सामान्य कचरे को निर्धारित और सही रंग के डस्टबिन में ही डाला जाए. उन्होंने कहा कि सफाई में लापरवाही से संक्रमण फैलने का खतरा रहता है.

एक मरीज के साथ सिर्फ एक अभिभावक रहेगा

वार्डों में एक-एक मरीज के साथ दो से तीन अभिभावकों को देखकर सिविल सर्जन ने नाराजगी जतायी. उन्होंने अस्पताल में अनावश्यक भीड़ पर आपत्ति जताते हुए सुरक्षा इंचार्ज को तत्काल तलब किया. उन्होंने निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाये और एक मरीज के साथ केवल एक अभिभावक को ही वार्ड के अंदर रहने की अनुमति दी जाए.

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश

सिविल सर्जन ने अस्पताल प्रशासन को मरीजों की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अस्पताल में अनुशासन और साफ-सफाई के साथ मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलना जरूरी है. निरीक्षण के दौरान सदर अस्पताल प्रबंधक कौशल किशोर दुबे सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amresh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >