मोतिहारी: अतिक्रमण हटाने के दौरान सीओ ने बच्चे को गोद में लेकर दिखाई संवेदनशीलता, तस्वीर वायरल

पताही के बोकानेपट्टी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान सीओ नाजनी अकरम ने एक महिला की मदद के लिए उसके छोटे बच्चे को गोद में उठा लिया. उनकी संवेदनशीलता की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. पढ़ें पूरी खबर…

मोतिहारी के पताही से विकास कुमार सिंह की रिपोर्ट

Motihari News: पताही प्रखंड के बोकानेपट्टी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान अंचलाधिकारी (सीओ) नाजनी अकरम की संवेदनशीलता चर्चा का विषय बन गई. प्रशासनिक कार्रवाई के बीच उनके मानवीय व्यवहार की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं.

सामान हटाने में जुटी थी महिला

जानकारी के अनुसार प्रशासनिक टीम सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए गांव में अभियान चला रही थी. इसी दौरान एक महिला अपने छोटे बच्चे को संभालते हुए घर का सामान हटाने में लगी थी. बच्चे और सामान दोनों को एक साथ संभालने में उसे काफी परेशानी हो रही थी.

महिला की स्थिति देखकर सीओ नाजनी अकरम उसके पास पहुंचीं और बच्चे को अपनी गोद में उठा लिया. इसके बाद महिला बिना किसी चिंता के अपना सामान समेटने में जुट गई.

घंटों बच्चे को गोद में रखकर करती रहीं दुलार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सीओ काफी देर तक बच्चे को गोद में लेकर उसके साथ स्नेहपूर्वक बातें करती रहीं. उन्होंने बच्चे को दुलारते हुए पढ़ाई पर ध्यान देने और बड़ा होकर अधिकारी बनकर समाज की सेवा करने की प्रेरणा भी दी. मौके पर मौजूद लोगों ने सीओ के इस व्यवहार की सराहना की और इसे प्रशासन का संवेदनशील चेहरा बताया.

सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीर

घटना के दौरान ली गई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं. लोग सीओ की इस पहल की प्रशंसा करते हुए इसे प्रशासन और जनता के बीच सकारात्मक संबंध का उदाहरण बता रहे हैं.

क्या बोलीं सीओ

इस संबंध में सीओ नाजनी अकरम ने कहा कि अतिक्रमण हटाना प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन मानवीय संवेदनाएं भी उतनी ही महत्वपूर्ण हैं.

उन्होंने कहा, “महिला को बच्चा संभालने और सामान हटाने में परेशानी हो रही थी. इसलिए मैंने बच्चे को गोद में ले लिया. प्रशासन का उद्देश्य लोगों को परेशान करना नहीं, बल्कि सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराना है.”

क्षेत्र में हो रही चर्चा

सीओ की इस पहल की पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान इस तरह का मानवीय व्यवहार लोगों का भरोसा बढ़ाता है और प्रशासन की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करता है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >