Banjariya Flood Alert: प्रखंड में लगातार बढ़ रहे बाढ़ और नदी कटाव के खतरे ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है. स्थिति का जायजा लेने के लिए सदर एसडीओ और अंचलाधिकारी (सीओ) कृष्ण प्रताप सिंह ने शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कटाव की गंभीर स्थिति सामने आई, जिसके बाद संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए.
फुलवार पंचायत सबसे संवेदनशील क्षेत्र
निरीक्षण में फुलवार उत्तरी पंचायत सबसे अधिक संवेदनशील क्षेत्र के रूप में सामने आई. यहां घोड़मरवा, भरवा टोला, ब्रह्मपुरा और बरईया टोला में दुढौरा नदी के किनारे तेज कटाव हो रहा है.
इसके अलावा गम्हरिया, नगदाहां, चितहियां और सेमरहिया के तटबंधों पर भी कटाव की स्थिति गंभीर बताई गई.
सड़क संपर्क टूटने का भी खतरा
प्रशासन के अनुसार फुलवार-गम्हरिया मार्ग और नगदाहां के पास मुख्य सड़कों पर कटाव होने से आवागमन प्रभावित होने की आशंका है.
यदि समय रहते सुरक्षा कार्य नहीं किए गए तो ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है.
बूढ़ी गंडक किनारे बसे गांव भी खतरे में
सिकरहना नदी (बूढ़ी गंडक) का कटाव कपरसंडी, मोखलिसपुर, गोबरी, सिसवनिया, मोहम्मदपुर और महादलित टोला के लिए भी चिंता का कारण बना हुआ है.
कटाव की वजह से श्री सुद्रमन उच्च विद्यालय और श्री इन्द्रासन उत्क्रमित मध्य विद्यालय, फुलवार भी जोखिम के दायरे में आ गए हैं.
जल संसाधन विभाग को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीओ कृष्ण प्रताप सिंह ने जल संसाधन विभाग और जल निस्तारण प्रमंडल, मोतिहारी को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल बचाव और कटाव निरोधी कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं.
प्रशासन का कहना है कि संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि बारिश के दौरान संभावित नुकसान को कम किया जा सके.
