Raxaul News: संत निरंकारी मंडल की रक्सौल, मोतिहारी एवं चकिया शाखा के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को शहर के पंकज चौक स्थित शिव पैलेस होटल में रक्तदान शिविर के साथ सत्संग का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता दानापुर से आए अजय सिंह ने की. आयोजन रक्सौल मुखी तुलसी प्रसाद एवं सेवा दल इंचार्ज हर्षित अग्रहरी की देखरेख में संपन्न हुआ. शिविर में कुल 55 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया.
सत्संग में मानव सेवा का दिया संदेश
सत्संग के दौरान संत निरंकारी मंडल के वक्ताओं ने मानव जीवन में प्रेम, सेवा, सद्भाव, त्याग और परोपकार के महत्व पर प्रकाश डाला. वक्ताओं ने कहा कि परमात्मा की प्राप्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद मानव की सेवा में भी ईश्वर का स्वरूप दिखाई देता है. उन्होंने मानवता की सेवा को सच्ची भक्ति का माध्यम बताया.
जाति-धर्म से ऊपर उठकर सेवा करने की अपील
वक्ताओं ने कहा कि जब मनुष्य जाति, धर्म और भेदभाव से ऊपर उठकर एक-दूसरे के काम आता है, तभी समाज में प्रेम और भाईचारे की भावना मजबूत होती है. जरूरतमंद लोगों की सहायता और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना मानव जीवन का महत्वपूर्ण उद्देश्य होना चाहिए. इसी भावना के साथ रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया.
55 लोगों ने स्वेच्छा से किया रक्तदान
सत्संग के बाद आयोजित रक्तदान शिविर में संत निरंकारी मिशन से जुड़े महिला-पुरुष श्रद्धालुओं सहित अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. इस दौरान कुल 55 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया. वक्ताओं ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है. ऐसे में स्वस्थ लोगों को समय-समय पर स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए.
सदर अस्पताल की टीम ने किया रक्त संग्रह
रक्त संग्रहण और तकनीकी कार्य में सदर अस्पताल मोतिहारी की टीम ने सहयोग किया. चिकित्सक डॉ. नीरज कुमार के नेतृत्व में अमृता कुमारी, गुलासफा प्रवीण, अरविंद कुमार, नवीन कुमार एवं जय लाल सहनी ने सेवाएं दीं. शिविर के दौरान रक्तदान करने वाले लोगों की आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर रक्त संग्रह किया गया.
आयोजन में बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में ललन सोनी, गणेश प्रसाद गुप्ता, कमलेश बैठा, शिवम कुमार, अभिषेक कुमार, रवि कुमार, जय प्रकाश कुमार, अनीता देवी, सिमरन गुप्ता, पन्ना लाल साह, अनिल कुमार, मणिलाल प्रसाद, विनोद प्रसाद, दया गुप्ता, सनी कुमार, उर्मिला देवी, सुरेश साह, अनिल द्विवेदी, चन्देश्वर सिंह राठौर सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: चंपारण के किसान संघर्ष की जीवंत कड़ी टूट गयी, 120 वर्षीय अमर राय ने ली अंतिम सांस
