Bihar Education News: अतिक्रमण की चपेट में मोतिहारी का स्कूल, शौचालय और रसोईघर के बिना पढ़ने को मजबूर बच्चे

मोतिहारी के बंजरिया स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय तुरहा टोली अमवा में अतिक्रमण के कारण शौचालय, रसोईघर और चारदीवारी का निर्माण नहीं हो पा रहा है. विद्यालय प्रशासन ने कार्रवाई की मांग की है. पढ़ें पूरी खबर…

मोतिहारी के बंजरिया से राज निखिल की रिपोर्ट

Bihar Education News: मोतिहारी जिले के बंजरिया प्रखंड स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय तुरहा टोली अमवा की बदहाल स्थिति सामने आई है. विद्यालय परिसर पर कथित अतिक्रमण के कारण छात्र-छात्राएं बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं. स्थिति ऐसी है कि स्कूल में अब तक शौचालय, रसोईघर और चारदीवारी का निर्माण नहीं हो सका है, जिससे बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा दोनों प्रभावित हो रही हैं.

विद्यालय के प्रधान शिक्षक चंदन कुमार प्रसाद ने इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और स्थानीय थानाध्यक्ष को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.

अतिक्रमण के कारण ठप पड़ा विकास कार्य

प्रधान शिक्षक के अनुसार, विद्यालय की जमीन पर कुछ लोगों ने कथित रूप से स्थायी अतिक्रमण कर लिया है. परिसर में झोपड़ियां बना ली गई हैं और जमीन का उपयोग मवेशियों के बाड़े तथा गोबर रखने के लिए किया जा रहा है. उनका कहना है कि इसी वजह से विद्यालय में शौचालय, मिड-डे मील किचन और चारदीवारी का निर्माण नहीं हो पा रहा है. निर्माण कार्य बाधित होने से विद्यालय की बुनियादी सुविधाएं प्रभावित हैं.

छात्राओं और शिक्षिकाओं को हो रही परेशानी

विद्यालय में शौचालय नहीं होने से छात्राओं और महिला शिक्षिकाओं को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं परिसर में फैली गंदगी और दुर्गंध के कारण बच्चों के लिए पढ़ाई का माहौल भी प्रभावित हो रहा है.

चारदीवारी नहीं होने से विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था भी कमजोर बनी हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार, इससे असामाजिक तत्वों की आवाजाही की आशंका बनी रहती है.

प्रशासन से की गई कार्रवाई की मांग

विद्यालय प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों से परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराने और आवश्यक निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है. इस मामले में अंचलाधिकारी रोहन रंजन सिंह ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है. शिकायत की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: जन कल्याण शिविर में नहीं दिखे कर्मचारी, खाली पड़ी रहीं कुर्सियां

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >