Motihari News: तुरकौलिया में बैंक से मेहनत की कमाई के 49 हजार रुपये निकालकर घर लौट रहे सेवानिवृत्त शिक्षक को दिनदहाड़े बदमाशों ने अपना निशाना बना लिया. मोतिहारी-अरेराज मुख्य सड़क पर स्कूल चौक के आगे और तुरकौलिया चौक से पहले ताज मार्ट के समीप पल्सर बाइक सवार दो बदमाशों ने शिक्षक को घेरकर डरा-धमकाया और उनके पास रखे 49 हजार रुपये छीन लिये. वारदात के बाद दोनों बदमाश बाइक से तुरकौलिया चौक की ओर फरार हो गये.
एसबीआई से 49 हजार निकालकर पैदल घर लौट रहे थे शिक्षक
पीड़ित की पहचान तुरकौलिया पूर्वी पंचायत के कवलपुर निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक शिवपूजन बैठा के रूप में हुई है. बताया गया कि उन्होंने सोमवार को एसबीआई की तुरकौलिया शाखा से 49 हजार रुपये निकाले थे. बैंक से रुपये निकालने के बाद वह पैदल अपने घर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान ताज मार्ट के पास बाइक सवार दो बदमाश उनके करीब पहुंचे और उन्हें रोक लिया.
डराकर-धमकाकर रुपये छीनने का आरोप
शिवपूजन बैठा के अनुसार, दोनों बदमाशों ने उन्हें डराया-धमकाया और रुपये छीन लिये. शिक्षक ने बताया कि दोनों बदमाशों ने उजले रंग की शर्ट पहन रखी थी. अचानक हुई वारदात से वह सकते में आ गये. रकम लेकर दोनों बदमाश बाइक से तुरकौलिया चौक की ओर फरार हो गये.
बैंक से ही निगरानी करने की जतायी जा रही आशंका
घटना जिस स्थान पर हुई, वह मोतिहारी-अरेराज मुख्य सड़क का हिस्सा है. बैंक से रुपये निकालने के बाद कुछ ही दूरी पर शिक्षक को निशाना बनाये जाने से आशंका जतायी जा रही है कि बदमाश बैंक से ही उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे. हालांकि, बैंक से निगरानी किये जाने की बात की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की पहचान का प्रयास
घटना की शिकायत मिलने के बाद तुरकौलिया पुलिस जांच में जुट गयी है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. इसके साथ ही बदमाशों के हुलिये और बाइक के आधार पर उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस ने घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच शुरू कर दी है.
दिनदहाड़े लूट के बाद सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
मुख्य सड़क पर दिनदहाड़े हुई लूट की घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है. लोगों का कहना है कि रुपये लेकर लौटने वाले लोगों को निशाना बनाये जाने की घटनाओं पर प्रभावी रोक जरूरी है. फिलहाल पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है.
यह भी पढ़ें: चीनी मिलें खुलने से पहले गन्ने का भाव तय करने की मांग, 650 रुपये क्विंटल के लिए किसानों का धरना
