'हर-हर महादेव' के जयकारों से गूंजा अरेराज, सोमेश्वरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें

सावन के पहले शुक्रवार को अरेराज शिव मंदिर में हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजी शिव नगरी। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच हजारों भक्तों ने किया जलाभिषेक।

Someshwarnath Temple: सावन मास के पहले शुक्रवार को अरेराज स्थित सोमेश्वरनाथ मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा. अहले सुबह से ही 'हर-हर महादेव', 'बोल बम' और 'ॐ नमः शिवाय' के जयघोष से पूरी शिवनगरी भक्तिमय हो गई. सुबह 3 बजे से श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खुलने के बाद जलाभिषेक और पूजा-अर्चना का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा.

श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर भगवान शिव का दर्शन किया और पंचामृत, दूध, गंगाजल, बेलपत्र, भांग और धतूरा अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की.

सुबह 3 बजे से शुरू हुआ दर्शन-पूजन

मजिस्ट्रेट सह बीडीओ आदित्य नारायण दीक्षित और थानाध्यक्ष प्रत्याशा कुमारी की मौजूदगी में मंदिर के पुजारी प्रमोद पांडेय ने प्रथम पूजा-अर्चना संपन्न कराई.

इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के द्वार खोल दिए गए. दर्शन के बाद बड़ी संख्या में भक्तों ने मां पार्वती मंदिर और नंदी महाराज के समक्ष भी पूजा-अर्चना की.

गेरुआ रंग में रंगी दिखी शिवनगरी

सावन के पहले शुक्रवार पर पूरा अरेराज गेरुआ वस्त्र धारण किए श्रद्धालुओं से भरा नजर आया. मंदिर परिसर से लेकर शहर की सड़कों तक भक्तों की आवाजाही बनी रही.

पूरे दिन बोल बम के जयघोष और भक्ति गीतों से वातावरण शिवमय बना रहा.

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे. मंदिर के गर्भगृह से लेकर पूरे मेला क्षेत्र तक सुरक्षा बल तैनात रहे.

पूरे क्षेत्र की निगरानी 100 सीसीटीवी कैमरों के जरिए नियंत्रण कक्ष से की गई. इसके अलावा 500 से अधिक मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी और सुरक्षा बल तीन लेयर में तैनात रहे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.

स्वास्थ्य, यातायात और पड़ाव की भी रही व्यवस्था

प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य सेवाएं, पड़ाव स्थल और यातायात की विशेष व्यवस्था की गई थी.

प्रशासन का दावा है कि सुरक्षा और व्यवस्थाओं के बीच श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण ढंग से भगवान सोमेश्वरनाथ का जलाभिषेक किया और पूरे दिन धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Intejarul Haq

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >