Raxaul-Nepal News: भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के बारा जिले में एक दर्दनाक हादसे में 6 वर्षीय बच्ची की पोखर में डूबने से मौत हो गई. घटना कलैया उपमहानगरपालिका-11 स्थित घोघडरिया गांव की है.
जिला प्रहरी कार्यालय बारा के अनुसार, हादसा रविवार शाम करीब 6:30 बजे हुआ.
नहाने के दौरान हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, स्थानीय निवासी संतोष पासवान की छह वर्षीय पुत्री राधिका कुमारी पासवान पोखर में नहाने गई थी. इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गई और बेहोश हो गई.
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा बच्ची को तत्काल पानी से बाहर निकालकर उपचार के लिए प्रादेशिक अस्पताल, कलैया ले गए.
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने जांच के दौरान बच्ची को मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है.
पुलिस ने शुरू की जांच
जिला प्रहरी कार्यालय बारा के पुलिस उपरीक्षक मिनबहादुर घले ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
उन्होंने कहा कि पुलिस निरीक्षक विमल खतिवड़ा के नेतृत्व में टीम घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. बच्ची के शव को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया के लिए प्रादेशिक अस्पताल, कलैया में रखा गया है.
पुलिस के अनुसार, घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है.
यह भी पढ़ें: पहले शादी का झांसा, फिर कोर्ट मैरिज... अब 5 लाख दहेज नहीं देने पर घर से निकालने का आरोप
