Manish Kashyap E 20 Petrol Controversy: बिहार के चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. ई-20 (इथेनॉल मिश्रित) पेट्रोल को लेकर किए गए दावों के मामले में टोयोटा कंपनी ने उनके खिलाफ FIR दर्ज कराई है. इसके बाद इस मामले ने नया मोड़ ले लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर होगी.
पेट्रोल पंप पर गाड़ी खराब होने से शुरू हुआ विवाद
पूरा मामला उस समय शुरू हुआ, जब मनीष कश्यप ने एक पेट्रोल पंप पर अपनी कार खराब होने का दावा किया था. उन्होंने आरोप लगाया था कि ई-20 पेट्रोल की वजह से उनकी गाड़ी में खराबी आई है.
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था. वीडियो के बाद ई-20 पेट्रोल की गुणवत्ता को लेकर बहस शुरू हो गई थी.
नितिन गडकरी ने भी दी थी प्रतिक्रिया
इस मामले पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी प्रतिक्रिया दी थी.
उन्होंने बिना नाम लिए कहा था कि एक यूट्यूबर ने ई-20 पेट्रोल को लेकर गलत जानकारी फैलाई है. गडकरी ने बताया था कि वाहन निर्माता कंपनी ने मामले की जांच की और पाया कि गाड़ी में आई खराबी का ई-20 पेट्रोल से कोई संबंध नहीं था.
उन्होंने यह भी कहा था कि शुरुआत में जांच के लिए वाहन उपलब्ध नहीं कराया गया था. बाद में वाहन कंपनी को सौंपा गया, जहां विशेषज्ञों ने इसकी जांच की.
टोयोटा ने लगाया गलत जानकारी फैलाने का आरोप
जांच के बाद टोयोटा कंपनी ने FIR दर्ज कराई है. कंपनी का आरोप है कि गलत जानकारी फैलाने से उसकी छवि को नुकसान पहुंचा है. FIR दर्ज होने के बाद अब पुलिस मामले की जांच कर रही है. आगे की कानूनी कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
पहले भी कानूनी विवाद में फंस चुके हैं मनीष कश्यप
मनीष कश्यप इससे पहले भी कानूनी मामलों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं. साल 2023 में उन्हें तमिलनाडु में प्रवासी मजदूरों से जुड़े कथित फर्जी वीडियो मामले में गिरफ्तार किया गया था. उस समय बिहार पुलिस की कार्रवाई के बाद तमिलनाडु पुलिस भी उन्हें अपने साथ ले गई थी.
ई-20 पेट्रोल को लेकर क्यों है विवाद?
केंद्र सरकार देश में इथेनॉल मिश्रित ईंधन को बढ़ावा दे रही है. ई-20 पेट्रोल में 20 प्रतिशत तक इथेनॉल मिलाया जाता है. इसी बीच मनीष कश्यप के दावे और टोयोटा की FIR के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है. अब सभी की नजर पुलिस की आगे की कार्रवाई पर है.
