जमीन विवाद में युवक की चाकू से गोदकर हत्या, सोते समय घर में घुसे थे 3-4 हमलावर

भैरवस्थान थाना क्षेत्र के महीनाथपुर में जमीन विवाद के चलते रविवार देर रात 32 वर्षीय युवक मोहन झा की घर में घुसकर चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई. परिजनों ने कुछ पड़ोसियों पर साजिश रचने का आरोप लगाया है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

Jhajharpur News: भैरवस्थान थाना क्षेत्र की महीनाथपुर पंचायत के हैंठीवाली गांव में रविवार देर रात जमीन विवाद को लेकर 32 वर्षीय युवक मोहन झा की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गयी. परिजनों के अनुसार, घटना रात करीब दो बजे हुई, जब मोहन घर में सो रहा था. वारदात के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

सोये युवक पर घर में घुसकर हमला करने का आरोप

मृतक की बड़ी बहन सोनी देवी ने बताया कि रविवार की रात करीब दो बजे तीन से चार अज्ञात लोग घर के आंगन में घुस आये. आरोप है कि सो रहे मोहन झा पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी.

परिजनों ने गांव के कुछ पड़ोसियों और अन्य लोगों पर साजिश के तहत घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है. झंझारपुर एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा ने बताया कि परिजनों ने कुछ लोगों पर आरोप लगाया है. प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है.

पहले भी धमकी और मारपीट का लगाया आरोप

बताया जा रहा है कि मोहन के चाचा सूर्यकांत झा और अलीक नारायण झा के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. परिजनों के अनुसार, विवादित जमीन से मोहन का कोई सीधा लेना-देना नहीं था.

इसके बावजूद परिजनों का आरोप है कि विवाद के एक पक्ष के लोगों ने मोहन को दो बार जान से मारने की धमकी दी थी. कुछ दिन पहले उसे घर से निकालकर मारपीट करने की बात भी सामने आयी है.

मोहन परिवार में अकेला था. उसके पिता मुन्ना झा का निधन चार साल पहले हो चुका है. वह कीर्तन-भजन कर परिवार का भरण-पोषण करता था. कुछ समय से वह हल्का कर्मचारी के साथ मुंशी का काम भी कर रहा था.

बिस्तर से खून लगा चाकू बरामद

घटना की सूचना मिलते ही भैरवस्थान थाना पुलिस मौके पर पहुंची. इसके बाद एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा ने भी घटनास्थल का जायजा लिया.

पुलिस ने मृतक के बिस्तर से खून के निशान और खून लगा एक चाकू बरामद किया है. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाये और खून के नमूने जांच के लिए भेजे हैं.

एसडीपीओ के अनुसार, शव पर चाकू के एक सटीक वार का निशान दिखाई दे रहा है. शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया गया है.

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है.

भैरवस्थान थानाध्यक्ष सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि अभी तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें

रामशिला हॉस्पिटल में जल्द शुरू होगी कैथ लैब, आयुष्मान भारत से हृदय रोगियों के मुफ्त इलाज की घोषणा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार

संजय कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झंझारपुर (मधुबनी) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >