Madhubani News: झंझारपुर. प्रखंड के पैटघाट स्थित यदुनाथ सार्वजनिक पुस्तकालय लालगंज पैटघाट में 4 सितंबर को क्विज एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम का आयोजन अविनाश आनंद स्मारक मेधा प्रोत्साहन कोष, आनंद भवन, प्रोफेसर कॉलोनी, कॉलेज चौक, राजनगर, मधुबनी के तत्वावधान में किया जाएगा. प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले दो छात्र-छात्राओं को पांच-पांच हजार रुपये की मेधा प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए 1 सितंबर की शाम तक रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है.
Jhanjharpur News: दो वर्गों में होगी क्विज प्रतियोगिता
पुस्तकालय सचिव उदयनाथ मिश्रा ने बताया कि क्विज प्रतियोगिता दो वर्गों में आयोजित होगी. कनीय वर्ग में वर्ग IV से VIII तक तथा वरीय वर्ग में वर्ग IX से XII तक के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे.
दोनों वर्गों में लिखित परीक्षा के आधार पर प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा. चयनित प्रतिभागी इसके बाद मौखिक क्विज में हिस्सा लेंगे.
लिखित परीक्षा सुबह 11 बजे से 11:30 बजे तक होगी. प्रतिभागियों को सुबह 10:30 बजे तक उपस्थित होना होगा. मौखिक क्विज दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा.
भाषण प्रतियोगिता में स्मार्टफोन और AI पर होगी चर्चा
भाषण प्रतियोगिता दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक होगी. इसमें वर्ग IV से XII तक के छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे.
कनीय वर्ग के लिए भाषण का विषय 'स्मार्टफोन : वरदान या अभिशाप' तथा वरीय वर्ग के लिए 'आधुनिक समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का महत्व' रखा गया है.
विजेताओं को मिलेगा नकद पुरस्कार
सभी प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 1000 रुपये, द्वितीय स्थान वाले को 700 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 500 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा.
इसके अलावा पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी दो छात्र-छात्राओं को पांच-पांच हजार रुपये की मेधा प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी.
किताब और करेंट अफेयर्स से पूछे जाएंगे सवाल
लिखित क्विज में पाठ्य पुस्तक के साथ सामान्य ज्ञान, खेलकूद, चलचित्र और समसामयिक घटनाओं से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे.
मौखिक क्विज चार चक्रों में होगा. प्रथम चक्र विज्ञान और द्वितीय चक्र कला की पाठ्य पुस्तकों पर आधारित होगा. तृतीय और चतुर्थ चक्र में सामान्य ज्ञान, खेलकूद, चलचित्र और समसामयिक घटनाओं से जुड़े सवाल होंगे.
यह भी पढ़ें: केस मैनेज करने के नाम पर रिश्वत मांगना पड़ा भारी, निगरानी टीम ने दरोगा को पकड़ा
