Madhubani News : सदर अस्पताल में मनाया गया विश्व डायबिटीज दिवस

विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सदर अस्पताल में विश्व मधुमेह जागरूकता सप्ताह सह परामर्श शिविर का आयोजन किया गया.

मधुबनी.

विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सदर अस्पताल में विश्व मधुमेह जागरूकता सप्ताह सह परामर्श शिविर का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार ने किया. आयोजित शिविर में 200 से अधिक मरीजों की डायबिटीज व बीपी की जांच कर उचित परामर्श दी गई.

पुरुषों की तुलना में महिलाएं अधिक डायबिटीज

जिला गैर संचारी रोग कार्यालय से मिली जानकारी अनुसार जिले अप्रैल से 5 नवंबर 2025 तक 3 लाख 83 हजार 393 लोगों का एनसीडी क्लिनिक में स्क्रीनिंग की गयी. इसमें 1 लाख 91 हजार 616 पुरुष व 1 लाख 91 हजार 777 महिलाएं शामिल थी. इसमें 87 हजार 236 पुरुष व 89 हजार 886 महिला डायबिटिक हैं. वहीं अगर हायपरटेंशन की बात करें तो अप्रैल से 5 नवंबर नवंबर तक हायपरटेंशन के 1 लाख 72 हजार 994 लोगों का स्क्रीनिंग की गयी. इसमें 87 हजार 325 पुरुष व 85 हजार 669 महिलाएं हायपरटेंशन से ग्रस्त हैं.

जांच करना ही डायबिटीज का नहीं है समुचित इलाज :

एनसीडीओ डॉक्टर एसएन झा ने कहा कि मधुमेह के मरीजों के लिए संयम और सतर्कता आवश्यक है. मरीज खानपान और स्वास्थ्य का बेहतर ध्यान रखकर इस बीमारी पर नियंत्रण रख सकते हैं. दवा का नियमित सेवन, रक्त शर्करा की नियमित निगरानी एवं सटीक आहार और व्यायाम की मदद से इस बीमारी को नियंत्रित रखा जा सकता है. डॉ झा ने कहा कि डायबिटीज मरीज का शुगर नियंत्रित नहीं रहने पर 5 से 10 दिनों के अंदर किडनी का नुकसान शुरू हो जाता है. डा. झा ने कहा कि विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर सदर अस्पताल सहित, अनुमंडलीय अस्पताल, सीएचसी एवं पीएचसी में सात दिनों तक विशेष जांच सह परामर्श शिविर का आयोजन करने का निर्देश दिया गया है. ताकि अधिक से अधिक मरीजों को बेहतर चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जा सके.

मधुमेह रोगी धूम्रपान से रहें दूर :

एनसीडीओ डॉक्टर एसएन झा ने कहा कि मधुमेह के रोगियों को आइसक्रीम, चीनी, गुड़, जैम, केक, पेस्ट्री आदि खाने बाली वस्तुओं से दूर रहना चाहिए. उन्हें उबला हुआ भोजन खाना चाहिए. तला हुआ खाना या प्रोसेस्ड खाना उनके लिए बेहद हानिकारक साबित हो सकता है. मधुमेह के रोगी को धूम्रपान से भी दूर रहना चाहिए. आलू, मूंगफली, शकरकंद जैसी सब्जियां बहुत कम मात्रा में खानी चाहिए या उन्हें नहीं खाना चाहिए. ऐसे व्यक्ति को केला, शरीफा, चीकू, अंजीर, खजूर आदि फलों से भी बचना चाहिए.

डायबिटीज रोगी क्या करें क्या न करें :

डायबिटीज में थोड़ा और आसानी से पचने वाला भोजन करना चाहिए .सुबह जल्दी उठना चाहिए. व्यायाम के लिए समय निकालना चाहिए, रोज प्राणायाम योग व्यायाम जरूर करना चाहिए. सुस्त जीवन शैली के बजाय सक्रिय जीवन शैली को अपनाना चाहिए.साइकिलिंग, जिम, स्विमिंग, जो भी पसंद है उसे 30 से 40 मिनट तक जरूर करने की आदत डालनी चाहिए. डाइट में गुनगुना पानी, छाछ, जौ का दलिया और मल्टीग्रेन आटा शामिल करें. डायबिटीज के रोगी को दिन में नहीं सोना चाहिए. मल मूत्र आदि के वेगों को नहीं रोकना चाहिए. मांसाहार, शराब और सिगरेट आदि का प्रयोग नहीं करना चाहिए. डायबिटीज रोगी को अधिक से अधिक पानी पीना चाहिए. ऐसे में नींबू पानी लेना उनकी सेहत के लिए और अच्छा होगा. डिब्बाबंद आहार, बासी खाना, जंक फूड, ज्यादा तेल मसाले वाले भोजन नहीं खाना चाहिए.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GAJENDRA KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >