Madhubani News: राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय मधुबनी में स्टार्टअप बिहार और उद्योग विभाग के सहयोग से ‘पिच डेक प्रिपरेशन’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गयी. कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं नवोदित उद्यमियों को निवेशकों के सामने अपने स्टार्टअप आइडिया को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की तकनीक और जरूरी कौशल से परिचित कराना था.
पिच डेक की संरचना और जरूरी पहलुओं की दी जानकारी
कार्यशाला की मुख्य वक्ता फैकल्टी सीआईएमपी एवं कार्यकारी निदेशक टीआईई पटना की प्रो. प्रिया नाथ रहीं. उन्होंने प्रभावशाली एवं निवेशक-अनुकूल पिच डेक की संरचना और उसके प्रमुख घटकों के बारे में जानकारी दी.
उन्होंने स्टार्टअप की समस्या, समाधान, बाजार, वित्तीय योजना और विकास की संभावनाओं को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की. व्यावहारिक उदाहरणों एवं अनुभवों के माध्यम से उन्होंने प्रतिभागियों को स्टार्टअप प्रस्तुति की बारीकियों से अवगत कराया.
विद्यार्थियों को नवाचार और उद्यमिता के लिए किया प्रेरित
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राणा प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को नवाचार एवं उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि युवा अपनी रचनात्मक सोच और तकनीकी नवाचार के माध्यम से देश निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं.
उन्होंने विद्यार्थियों से समाज की वास्तविक समस्याओं को पहचानकर उनके समाधान विकसित करने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भागीदार बनने का आह्वान किया.
स्टार्टअप सेल देगा मार्गदर्शन और मेंटरशिप
स्टार्टअप सेल के फैकल्टी इंचार्ज प्रो. शशांक सौरभ ने कहा कि नवीन एवं उपयोगी विचार रखने वाले विद्यार्थियों को स्टार्टअप सेल की ओर से मार्गदर्शन, मेंटरशिप और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा.
उन्होंने विद्यार्थियों से तकनीकी दृष्टिकोण अपनाकर समस्याओं के समाधान विकसित करने तथा संस्थान और सरकार की ओर से उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की.
बिहार स्टार्टअप नीति-2022 की दी गयी जानकारी
जिला स्टार्टअप कोऑर्डिनेटर कुमार हार्दिक ने निवेशकों के सामने प्रभावशाली प्रस्तुति के महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि मजबूत पिच निवेश, मेंटरशिप और व्यावसायिक अवसर प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.
उन्होंने बिहार स्टार्टअप नीति-2022 के तहत उपलब्ध मेंटरशिप, इन्क्यूबेशन, वित्तीय सहायता और अन्य प्रोत्साहनों की जानकारी दी तथा विद्यार्थियों से इन सुविधाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया.
उद्योग विभाग देगा उद्यमियों को हरसंभव सहयोग
कार्यक्रम का समापन जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक अमित विक्रम भारद्वाज के धन्यवाद ज्ञापन से हुआ. उन्होंने कहा कि उद्योग विभाग राज्य के उद्यमियों को सशक्त बनाने के लिए एमएसएमई योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, कार्यशालाओं और वित्तीय सहायता के माध्यम से लगातार काम कर रहा है.
उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला उद्योग केंद्र सरकारी योजनाओं और नीतियों के माध्यम से प्रत्येक उद्यमी को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए तत्पर रहेगा.
यह भी पढ़ें: समस्तीपुर-दरभंगा रेलखंड पर ट्रैक पर बैठी थी बुजुर्ग महिला, लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर बचाया
